Breaking News

अखिलेश यादव का भाजपा पर बड़ा हमला, कहा- अपने सांसदों को बेरोजगार बना दिया

लखनऊ,  समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने  भारतीय जनता पार्टी  पर तंज कसते हुये कहा कि उसने टिकट काटकर अपने सांसदों को भी बेरोजगार बना दिया है।

अखिलेश यादव ने पूछा कि भाजपा अब और कितने लोगों का रोजगार छीनेगी। उन्होंने कहा कि सत्ताधारी दल को अपने सांसदों पर ही भरोसा नहीं रहा। अगर उनमें जीतने की संभावना नहीं है तो यह उनके नेता पर भी लागू होता है।

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र लोकलाज से चलता है लेकिन भाजपा को झूठ और फरेब पर कोई अपराधबोध नहीं है। उसकी राज्य सरकार ने जनविश्वास से धोखा किया और रामराज्य का दावा करने वाले मुख्यमंत्री ने प्रदेश को जंगलराज में बदल दिया है।

अखिलेश यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश में 1977 की पुनरावृत्ति होने वाली है और यहां भाजपा की उम्मीदें शून्य तक जा सकती हैं। उन्होंने कहा कि गठबंधन के कार्यकर्ताओं को भाजपा के छल और कपट से भी चौकन्ना रहना होगा।