Breaking News

आगरा को आदर्श अन्तर्राष्ट्रीय शहर बनाया जाएगा-मुख्यमंत्री अखिलेश यादव

akhilesh-agra1आगरा, मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि आगरा को आदर्श अन्तर्राष्ट्रीय शहर बनाया जाएगा। इसके साथ ही, लखनऊ में गोमती रिवर फ्रण्ट की तर्ज पर आगरा में यमुना नदी के किनारे रिवर फ्रण्ट के विकास और सौन्दर्यीकरण का कार्य किया जाएगा। आज आगरा मे मुख्यमंत्री ने परियोजनाओं के लोकार्पण के साथ ही ‘उत्तर प्रदेश: द ग्रीन पाथ’ एवं ‘ताजमहल: द रोमान्स इन वर्ड्स’ पुस्तक का विमोचन भी किया।

मुख्यमंत्री द्वारा लोकार्पित परियोजना आगरा इनर रिंग रोड से ताजमहल जाने वाले पर्यटकों को सीधे पहुंचने का सुगम मार्ग उपलब्ध होगा तथा प्रदेश के पर्यटन को नया आयाम मिलेगा। साथ ही, औद्योगिक विकास को गति मिलेगी। यह मार्ग यमुना एक्सप्रेस-वे को आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे से जोड़ रहा है। इसके निर्माण से आगरा शहर में बढ़ रहे प्रदूषण में कमी आएगी और यातायात अवरोध से मुक्ति मिलेगी। इसके तहत 100 मीटर चौड़ी 6-लेन सड़क का निर्माण किया गया है, जिसे भविष्य में 8-लेन चौड़ाई में परिवर्तित किया जा सकेगा। इस मार्ग के साथ लगी 1000 एकड़ भूमि में थीम पार्क परियोजना का निर्माण किया जा रहा है।

ताजगंज परियोजना वर्ष 2014 से प्रारम्भ की गई थी। इस पर 197.27 करोड़ रुपए की लागत आई है। इस परियोजना के तहत ताजमहल के तीनों प्रवेश मार्गों एवं उसके आस-पास के क्षेत्र में अन्तर्राष्ट्रीय स्तर की अवस्थापना सुविधाओं के विकास के साथ ही उनका सौन्दर्यीकरण किया गया है। परियोजना के तहत समस्त विद्युत लाइनों को अण्डरग्राउण्ड किए जाने के साथ-साथ आधुनिक कैनोपी एवं ट्रांसफार्मर्स की व्यवस्था की गई है। साथ ही, क्षेत्र की चिन्ह्ति मलिन बस्तियों का सुधार एवं सौन्दर्यीकरण भी किया गया है तथा ग्रीन एरिया विकसित करने के साथ-साथ स्ट्रीट लाइट और लैम्प पोस्ट लगाए गए हैं एवं जन-सुविधाओं का निर्माण किया गया है, जिससे भारतीय एवं विदेशी पर्यटक आकर्षित होंगे।

ललितपुर पारेषण परियोजना के प्रथम चरण के तहत कुल 1020 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित 765 के0वी0 फतेहाबाद उपकेन्द्र, 765 के0वी0 ललितपुर-आगरा पारेषण लाइन तथा दो 400 के0वी0 लाइनों के निर्माण कार्य को लोकार्पित किया गया। यह पारेषण परियोजना 1980 मेगावाॅट की ललितपुर तापीय परियोजना से समुचित एवं सुचारू ऊर्जा निकासी सुनिश्चित करेगी तथा यह सम्पूर्ण प्रदेश में ग्रिड के माध्यम से उपयोग के लिए भी उपलब्ध रहेगी।

यह परियोजना सम्पूर्ण ताज ट्रेपीजियम जोन (टी0टी0जेड0) तथा बृज क्षेत्र जैसे-आगरा, मथुरा, फिरोजाबाद, हाथरस एवं निकटवर्ती जनपदों के समग्र विकास में सहायक होगी। इससे क्षेत्र में पर्याप्त मात्रा में बिजली की उपलब्धता सुनिश्चित हो सकेगी तथा आगरा-मथुरा क्षेत्र में पर्यटन एवं सम्बद्ध गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *