Breaking News

आडिशा पर्व का दूसरा संस्करण 9 मार्च से नई दिल्ली में

नयी दिल्ली, राजधानी में ओडिशा पर्व का दूसरा संस्करण इस बार नौ से 11 मार्च तक इंडिया गेट पर आयोजित होगा। इस बार इसमें स्वतंत्रता आंदोलन में ओडिशा के योगदान को विशेष रुप से प्रस्तुत किया जाएगा।

कार्यक्रम की आयोजक संस्था ‘ओडिशा समाज’ के अध्यक्ष सिद्धार्थ प्रधान ने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘कार्यक्रम का उद्घाटन देश के प्रधान न्यायाधीश दीपक मिश्रा नौ मार्च को करेंगे। दूसरे दिन के कार्यक्रम के मुख्य अतिथि देश के उप-राष्ट्रपति वैंकेया नायडू होंगे।’’ ओडिशा पर्व 2018 के समापन समारोह के मुख्य अतिथि गृहमंत्री राजनाथ सिंह होंगे।

प्रधान ने  कहा कि राज्य के मुख्यमंत्री को भी बुलाया गया है पर उनके आने की पुष्टि अभी नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि यह पूरी तरह से एक सांस्कृतिक और सामाजिक कार्यक्रम है। इस बार के कार्यक्रम में हमारा मुख्य जोर देश के स्वतंत्रता आंदोलन में ओडिशा के योगदान पर है। वहीं इसका मकसद ओडिशा की संस्कृति, परंपरा, कला इत्यादि का परिचय युवा पीढ़ी से कराना है। कार्यक्रम के दौरान ओडिशा की विभिन्न नृत्य शैलियों, रंगमंच कलाओं इत्यादि का प्रदर्शन किया जाएगा और साथ ही ओडिशा के खान-पान के स्टॉल होंगे।