Breaking News

खट्टर के रेप वाले बयान पर केजरीवाल ने साधा निशाना, उठाए सवाल

नयी दिल्ली, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बलात्कार की घटनाओं पर हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के विवादित बयान की रविवार को आलोचना की और इस राज्य में महिलाओं की सुरक्षा के मुद्दे को उठाया।

केजरीवाल ने हिन्दी में ट्वीट किया, ‘‘खट्टर के बयान को लेकर महिलाओं में गुस्सा है। महिलाओं का कहना है कि जब एक मुख्यमंत्री उनके खिलाफ इस तरह का बयान दे सकता है तो उनके राज्य में महिलाएं कैसे सुरक्षित हो सकती है।’’

खट्टर ने  पंचकूला जिले के कालका शहर में कहा था,‘‘सबसे बड़ी चिंता की बात यह है कि बलात्कार और छेड़खानी की जो घटनाएं हैं, यह 80 से 90 प्रतिशत जानकारों के बीच में होती हैं। आरोपी और पीड़ित एक दूसरे को जानते हैं। कई मामलों में तो वे एक दूसरे को लम्बे समय तक जानते हैं और एक दिन बहस हो जाती है तो उस दिन एफआईआर दर्ज करा दी जाती है और कहा जाता है कि ‘उसने मेरा बलात्कार किया।’’