Breaking News

जम्मू और कश्मीर में जारी है ठंड का प्रकोप

जम्मू/श्रीनगर, जम्मू में रात के तापमान में मामूली सुधार आया है जबकि घाटी के कई इलाको में तापमान शून्य से नीचे ही बना हुआ है। मौसम विभाग ने  बताया कि जम्मू के इलाकों में रात का पारा पहले से बेहतर हुआ है। मंदिरों के इस शहर में तापमान छह डिग्री सेल्सियस रहा। यह इस मौसम में सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस कम है। जम्मू में सोमवार को रात का तापमान सबसे कम 4.4 डिग्री सेल्सियस रहा था। रात के तापमान में मंगलवार के 5.1 डिग्री सेल्सियस से मामूली बढ़ोत्तरी हुई है।

राज्य के डोडा जिले के भद्रवाह कस्बे में रात का तापमान 0.4 डिग्री सेल्सियस रहा जबकि इसस पहले यहां रात का तापमान शून्य से 0.6 डिग्री सेल्सियस नीचे पर था। उन्होंने कहा कि रियासी जिले में बने माता वैष्णों देवी मंदिर में पहुंचे श्रद्धालुओं को सात डिग्री सेल्सियस की ठंड का सामना करना पड़ा। जम्मू को कश्मीर से जोड़ने वाले राजमार्ग जम्मू श्रीनगर राजमार्ग के किनारे बसे बनिहाल में न्यूनतम तापमान 0. 5 डिग्री सेल्सियस रहा।

मौसम विभाग ने बताया कि कश्मीर घाटी के कई इलाकों में न्यूनतम तापमान जमाव बिंदु से नीचे ही बना रहा। लद्दाख के करगिल कस्बे में रात के तामपान में सुधार दिखा। करगिल में मंगलवार को तापमान शून्य से नीचे 15.8 डिग्री सेल्सियस रहा था और बुधवार को यह सुधर कर शून्य से नीचे 14.9 डिग्री सेल्सियस हो गया। लेह में भी रात के तापमान में सुधार आया। यहां पर तापमान शून्य से 15.1 डिग्री सेल्सियस नीचे से सुधर कर शून्य से छह डिग्री सेल्सियस नीचे पर आ गया।

श्रीनगर में रात का तापमान शून्य से 4.6 डिग्री सेल्सियस नीचे से सुधर कर शून्य से 2.8 डिग्री सेल्सियस नीचे पर आ गया। इन दिनों यहां पर सामान्य तापमान शून्य से 1.5 डिग्री सेल्सियस नीचे पर रहता है। काजीगुंड में तापमान शून्य से 3.2 डिग्री सेल्सियस नीचे जबकि कोकरनाग में शून्य से 3.4 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा। कुपवाड़ा में तापमान शून्य से 4.6 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा। पहलगाम में तापमान शून्य से 8.4 डिग्री नीचे, गुलमर्ग में पारा शून्य से 4 डिग्री सेल्सियस नीचे पर दर्ज किया।