Breaking News

वाहन पलटने से 19 सीआरपीएफ जवान घायल

श्रीनगर ,  जम्मू कश्मीर में आज सुबह सीआरपीएफ जवानों के वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो जाने के चलते उसमें सवार 19 जवान घायल हो गये।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि अर्द्धसैनिक बल के बेमिना मुख्यालय के पास बल के वाहन का चालक अपना नियंत्रण खो बैठा जिसके चलते वह पलट गया। उन्होंने बताया कि वाहन में 21 जवान सवार थे। यह सीआरपीएफ के वाहनों के काफिले में शामिल तीन वाहनों में से एक था।

अधिकारी ने बताया , ‘‘ सीआरपीएफ के 19 जवान घायल हुए हैं। घायल जवानों को पास के जेवीसी अस्पताल ले जाया गया। इनमें से सात जवानों को यहां सेना के बेस अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एक जवान की हालत गंभीर है। उसकी रीढ़ की हड्डी में चोट आयी है और उसे विशेष उपचार के लिये नयी दिल्ली भेजा जा रहा है। उन्होंने कहा कि घटना सुबह करीब पांच बजे हुई।  अधिकारी ने बताया कि आगे की जानकारी की प्रतीक्षा की जा रही है।