Breaking News

मथुरा में छप्पन भोग दर्शन के लिए आये थे लाखों कृष्ण भक्त,जानिए क्या था खास….

मथुरा, उत्तर प्रदेश के मथुरा में गिर्राज की तलहटी में ठाकुर जी के अरोगने के लिए लगाया गया छप्पन भोग भक्तों का आकषर्ण का केन्द्र बना रहा और इसे देखने के लिए देश विदेश से श्रद्धालु आए। ठाकुर जी के लिये श्री गिर्राज सेवा ट्रस्ट द्वारा आयोजित छप्पन भोग को देखने के लिये मंगलवार को देश विदेश से लोग आये थे। इस अवसर पर ठाकुर जी मनोहारी श्रंगार किये बैठे थे। उनके लिये लगाया गया छप्पन भोग लोगों को अपनी ओर आकर्षित कर रहा था।  गिर्राज सेवा ट्रस्ट के संस्थापक सदस्य ओमप्रकाश किलेवालों ने बताया कि इस छप्पन भोग का प्रसाद गाय के घी में बनता है। इसमें प्रचुर मात्रा में गाय के घी की आवश्यकता होती है। इस बार इतने अधिक गाय के घी की उपलब्धता के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी।

उन्होने बताया कि ठाकुर का गर्भ गृह हर दृष्टि से अलौकिक था। ठाकुर कीे पोशाक में लगे हीरे,मोती, पन्ना, पुखराज, नीलम आदि रत्न जहां विद्युत प्रकाश में दिव्य पुंज मालूम पड़ते थे। चन्द्रमा की धवल चांदनी में यह टिमटिमाते तारों का दृश्य उपस्थित कर रहे थे। कमल के पुष्प पर विराजमान ठाकुर का विगृह जहां सतरंगी दिखाई पड़ रहा था। वहीं राधारानी के प्रिय मोर गर्भ गृह में चार चांद लगा रहे थे। विदेशों से मंगाए गए पुष्प जहां पुष्पवाटिका का सा माधुर्य प्रकट कर रहे थे।

गर्भ गृह के सामने कमल के पुष्प का तालाब बनाया गया था। प्रसाद को 1111 टोकरियों के माध्यम से मानव श्रंखला बनाकर छप्पनभोग स्थल तक पहुंचाया गया था। कार्यक्रम का समापन आधी रात बाद हुई आरती से हुआ तो गिर्राज महाराज के जयकारों से वातावरण गूंज उठा। कार्यक्रम के दो दिन पहले जहां लाखों भक्तों ने ठाकुर के डोले के साथ गिर्राज जी की सामूहिक परिक्रमा लगाई वहीं एक दिन पहले सोमवार को लगभग पांच घंटे तक वैदिक मंत्रों के मध्य गिर्राज जी का अभिषेक किया गया। ओमप्रकाश किलेवालों के अनुसार छप्पन भोग दर्शन के लिए आए एक लाख से अधिक कृष्ण भक्तों को प्रसाद भी वितरित किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बबलू कुमार ने बताया कि आयोजकों द्वारा व्यवस्था में सहयोग करने से इस बार किसी प्रकार की अप्रिय घटना नही घटी। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को भी काफी मशक्कत करनी पड़ी।