Breaking News

राजिंदर सिंह हॉकी इंडिया के नये अध्यक्ष बने

नयी दिल्ली , राजिंदर सिंह को आज हाकी इंडिया का अध्यक्ष घोषित किया गया जो मरियम्मा कोशी की जगह लेंगे। मरियम्मा ने कल अपने पद से इस्तीफा दे दिया था।

मीडिया विज्ञप्ति के मुताबिक हाकी इंडिया के वरिष्ठ उपाध्यक्ष राजिंदर आज से बतौर अध्यक्ष अपना कार्यभार संभालेंगे। वह इससे पहले हाकी इंडिया के कोषाध्यक्ष भी रह चुके है और मौजूदा समय में हाकी जम्मू कश्मीर के कोषाध्यक्ष है। हाकी इंडिया के महासचिव मोहम्मद मुश्ताक अहमद ने कहा , ‘‘ मरियम्मा कोशी के इस्तीफे के बाद हम राजिंदर सिंह को हाकी इंडिया का अध्यक्ष नियुक्त कर खुश है जो 19 मई 2018 से अपना कार्यभार संभालेंगे। हम उन्हें अपने काम में सर्वश्रेष्ठ करने की शुभकामनाएं देते है। ’’

मरियम्मा राज्य स्तर की पूर्व हाकी खिलाड़ी रही हैं जो नवंबर 2016 में नरिंदर बत्रा के अंतरराष्ट्रीय हाकी महासंघ के अध्यक्ष चुने जाने के बाद हाकी इंडिया की अध्यक्ष बनी थीं। अहमद ने कहा , ‘‘ मारियम्मा कोशी ने पिछले दो दशकों में भारतीय हाकी में जो योगदान दिया है, हम उसके आभारी हैं। वह महासंघ के लिए एक मार्गदर्शक रही हैं तथा कई खिलाड़ियों और प्रशासकों को प्रेरणा का बड़ा स्रोत भी रही हैं। हम उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हैं।