Breaking News

रोहित ने तोड़ा सचिन तेंदुलकर का ये खास रिकॉर्ड, बने दुनिया में कारनामा करने वाले पहले बल्लेबाज

नयी दिल्ली,  एकदिवसीय क्रिकेट में सर्वाधिक स्कोर का रिकार्ड अपने नाम रखने वाले भारत के रोहित शर्मा ने वनडे में 150 से अधिक के स्कोर बनाने के मामले में हमवतन सचिन तेंदुलकर का रिकार्ड तोड़ दिया है। रोहित ने गुवाहाटी में वेस्टइंडीज़ के खिलाफ पहले वनडे में नाबाद 152 रन की पारी खेलकर यह रिकार्ड बनाया। इससे पहले सचिन और आस्ट्रेलिया के डेविड वार्नर ने पांच पांच बार वनडे में 150 से अधिक के स्कोर बनाये थे। रोहित अब इनसे एक कदम आगे निकल गये हैं।

भारतीय ओपनर रोहित के नाम एकदिवसीय क्रिकेट में तीन दोहरे शतकों का विश्व रिकार्ड है। उन्होंने वनडे में 150 से अधिक के छह स्कोर बनाये हैं जिनमें 264, 209, नाबाद 208, नाबाद 171, नाबाद 152 और 150 के स्कोर शामिल हैं। रोहित ने अपनी इस पारी में आठ छक्के लगाये और सर्वाधिक छक्के उड़ाने के बारे में पूर्व भारतीय कप्तान सौरभ गांगुली को पीछे छोड़ दिया।

गांगुली के नाम 311 मैचों में 190 छक्के हैं जबकि रोहित के 189 मैचों में 194 छक्के हो गये हैं। वह सर्वाधिक छक्के उड़ाने के मामले में आठवें नंबर पर पहुंच गये हैं। भारत में उनसे आगे सचिन तेंदुलकर 195 और महेंद्र सिंह धोनी 217 हैं। यह चौथा मौका है जब रोहित ने एक वनडे में आठ या उससे अधिक छक्के मारे हैं। केवल वेस्टइंडीज़ के क्रिस गेल ही रोहित से अधिक बार यह कारनामा कर पाये है। अन्य भारतीय बल्लेबाज़ों में महेंद्र सिंह धोनी और यूसुफ पठान ने एक एक बार यह कारनामा किया है।