Breaking News

वीरेन्द्र देव के फर्रूखाबाद स्थित दो आश्रमों पर छापा, 40 से अधिक युवती बरामद

फर्रुखाबाद , दिल्ली में वीरेन्द्र देव दीक्षित के आध्यात्मिक विश्वविद्यालय पर लगे गम्भीर आरोपों के बाद स्थानीय पुलिस ने उनके दो आश्रमों पर आज छापेमारी की। पुलिस ने बताया कि अधिकारियों ने भारी पुलिस बल के साथ दीक्षित के सिकत्तरबाग एवं कम्पिल के आश्रमों पर छापेमारी की। कम्पिल में 40 और सिकत्तरबाग आश्रम में आठ संवासिनियां मिलीं।

अपर पुलिस अधीक्षक त्रिभुवन सिंह और क्षेत्राधिकारी  शरद चन्द्र शर्मा ने सिकत्तरबाग स्थित आश्रम में आज सुबह सात बजे भारी पुलिस बल के साथ छापा मारा किन्तु आश्रम के दरवाजे नहीं खोले गए। पुलिस के अनुसार दो घंटे की मशक्कत के बाद पड़ोस के मकानों की छत से पुलिस को दरवाजा खुलवाने में सफलता प्राप्त हुई। संवा​सिनियों ने पुलिस अधिकारियों से कहा कि पहले सर्च वारण्ट दिखाओ, फिर दरवाजा खोला जाएगा।

उन्होंने बताया कि काफी मशक्कत के बाद पुलिस आश्रम में दाखिल हो पाई। आश्रम में आठ संवासिनियां मिलीं जिनसे पुलिस की तीखी झड़प हुई। पुलिस नाबालिग संवासिनी पूनम को अपने साथ ले गई है। सिंह ने बताया कि सिकत्तरबाग आश्रम में मिली नाबालिग संवासिनी को मजिस्ट्रेट के सामने पेश कर उसके बयान कराए जायेंगे। पुलिस के मुताबिक कम्पिल आश्रम पर क्षेत्राधिकारी कायमगंज और एसडीएम ने पुलिस बल के साथ छापा मारा, जहां 40 संवासिनें मौजूद थीं।