Breaking News

संरा ने हैती में शांति अभियान समाप्त करने के लिये डाला वोट

संयुक्त राष्ट्र,  संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने हैती में अपने 13 साल के शांति अभियान को समाप्त करने के लिए आज सर्वसम्मति से मतदान किया। इस अवसर पर संयुक्त राष्ट्र में ब्रिटेन के राजदूत मैथ्यु रायक्रोफ्ट ने कहा,अब हमें हैती में नये योजना के तहत अभियान चलाने की जरूरत है जो यहां कानून और मानवधिकारों की रक्षा कर सकें।

शांति अभियान के समाप्त होने के साथ ही यहां छोटे समूह की पुलिस की तैनाती की गयी है जिसे दो सालों में देश में सेना के मजबूत होने के बाद हटा लिया जायेगा। उन्होंने कहा कि शांतिदूतों ने यहां बेहतरीन काम किया है लेकिन इनपर बहुत ज्यादा खर्च हो रहा था और इसका प्रयोग अब तभी किया जायेगा जब इसकी जरूरत होगी।

हैती के राष्ट्रपति जोवेनल मोइस की प्रवक्ता लुसियने जुरा ने कहा,संयुक्त राष्ट्र ने मुश्किल समय में हमारी मदद की है लेकिन हम देश की सुरक्षा और स्थिरता के लिये हमेशा उनपर निर्भर नहीं रह सकते। उल्लेखनीय है कि हैती में संयुक्त राष्ट्र शांतिदूतों को वर्ष 2004 में यहां विद्रोहियों के कब्जे के बाद शांति स्थापना के उद्देश्य से तैनात किया गया था। यह सबसे लंबे समय तक चलने वाला शांति अभियान था जिसे मुनिस्ताह के नाम से जाना जाता था।