Breaking News

सैफई में पहुंचने लगा मुलायम सिंह का कुनबा, कल की होली दिखायेगी नये रंग

इटावा, सैफई में होली मनाने के लिये समाजवादी पार्टी  के संरक्षक मुलायम सिंह यादव का कुनबा पहुंचना शुरू हो गया है।

 मुलायम सिंह यादव इटावा स्थित अपने गांव सैफई होली मनाने पहुंच गयें हैं। सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव बुधवार शाम इटावा पहुंचे, वह गुरुवार को परिजनों और समर्थकों के बीच सैफई में होली खेलेंगे।

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव का कल सैफई पहुंचने का कार्यक्रम है। वहीं, प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष व पूर्व कैबिनेट मंत्री शिवपाल सिंह यादव भी सैफई पहुंच रहें हैं। इस बार वह प्रसपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के तौर पर होली मनाएंगे।

 मुलायम सिंह यादव लखनऊ से एक्सप्रेस वे होते हुए बुधवार की शाम साढ़े 3 बजे इटावा सिविल लाइन स्थित आवास पर पहुंचे। यहां पर कुछ समय विश्राम करने के बाद उन्होंने पार्टी के नेताओं व कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर होली की शुभकामनाएं दीं और कहा कल सैफई आओ।

सैफई में बुधवार की देर शाम तक होली की सभी तैयारियां चलती रहीं। गुरुवार को परम्परागत ढंग से सैफई में फाग गायन व होली मिलन समारोह का आयोजन होगा। यहां परिवार के सभी सदस्य व करीबी कार्यक्रम में शामिल होंगे।

सैफई में यादव परिवार की होली हर साल चर्चा में रहती है और इसमें आसपास के तमाम इलाकों से लोग शामिल होते हैं। पार्टी लाइन से अलग हटकर सभी सदस्यों के साथ होली मनाने का यह चलन मुलायम सिंह के परिवार में वर्षों से चला आ रहा है।