Breaking News

अखिलेश यादव ने खोला राज, बताया, क्यों सपा महिला प्रत्याशी को किया गिरफ्तार ?

लखनऊ ,  समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने आज जिला बालाघाट (मध्य प्रदेश) में चुनावी सभा को सम्बोधित करते हुए बताया कि भाजपा के डरे हुए प्रत्याशी के इशारे पर समाजवादी पार्टी की प्रत्याशी श्रीमती अनुभा मुंजारे को गिरफ्तार कर लिया गया। उन पर सन् 2013 का मुकदमा है और कार्यवाही चुनाव से ठीक 7 दिन पहले हुई है। ये हमारा उनका अपमान नहीं ये जनता का अपमान हुआ है। पिछली सरकार के दबाव में प्रशासन ने उन्हें हरा दिया था। इस बार भी मतदाताओं में भारी उत्साह और जोश है। जनता का जर्बदस्त रूझान उनके प्रति है।

अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा ने कहा कि किसान की आय दो गुना कर देंगे। बताओ मध्य प्रदेश में 15 और देश में साढ़े 4 साल हो गए किसकी आय दो गुनी हो गई? इनके स्मार्ट होने की क्या परिभाषा हैं, ये यही जानते हैं। साढ़े 4 साल में 40 हजार से ज्यादा किसानों ने आत्महत्या कर ली। बैंक के ब्याज का दबाव किसान सहन नहीं कर पा रहे हैं। कांग्रेस भी 10 दिन में कर्ज माफ करने की बात कह रही है। आप सपा को जिताइये सरकार में शामिल होते ही 1 घण्टे में किसानों का कर्जा माफ होगा।

 अखिलेश यादव ने कहा कि आज कृषि विभाग की रिपोर्ट आई है कि नोटबंदी की वजह से किसान बीज नहीं खरीद पाया। हमारी माता-बहनों ने भी कुछ पैसा रखा था जिसे बैंक में जमा करा लिया गया। बड़े-बड़े उद्योगपति वह पैसा लेकर भाग गए। करीब 40 हजार उद्योगपति देश छोड़ कर जनता का पैसा लेकर चले गए। अगर आप चाहते हें कि परिवर्तन आए, खुशहाली आए तो आ गया है वो दिन। समाजवादियों को वोट देकर उनका साथ दीजिए।

अखिलेश यादव ने कहा कि हमने यूपी में घर दिया गरीबों को। यहां भी गरीबों को हम 5 लाख का घर देंगे। इनका डिजिटल इण्डिया देखो। कांग्रेस एक गड्ढे वाला शौचालय बना कर देती थी। भाजपा दो गड्ढे वाला शौचालय बना रही है। समाजवादी कहते हैं कि लोगों को सम्पन्न कर दो वे शौचालय खुद बना लेंगे। यूपी में हम गरीब महिलाओं को पेंशन देते थे। लेकिन भाजपा सरकार ने उसे भी रोक दिया। अब वह मध्य प्रदेश में पेंशन देने का झूठा वादा कर रहे हैं। भाजपा के लोग कह रहे हैं कि छात्राओं को जो ज्यादा नम्बर लाएंगी उसे स्कूटी देंगे, लेकिन उत्तर प्रदेश में लैपटाॅप नहीं दिया। हो सकता हैं यहां भी लागों को इंतजार करना पड़े। भाजपा ये बताए कि स्कूटी के साथ पेट्रोल कितना दोगे? उन्होंने कहा कि समाजवादी खुद मेहनत कर साइकिल चलाते हैं। इस बार गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के अध्यक्ष दादा हीरा सिंह मरकाम का भी हाथ साइकिल पर लग गया है।

अखिलेश यादव ने कहा कि 13 किमी. की रेल लाइन यहां 5 साल में नहीं जोड़ पाई। दिल्ली में भी इनकी सरकार हैं। गोंडवाना पार्टी, समाजवादी पार्टी खिचड़ी में नमक का काम करेगी। लोकतंत्र का मौका बदलाव लाने के लिए मिलता है। अनुभा मुंजारे जी के लिए एक-एक वोट आपको डालना हैं। अनुभा मुंजारे जी की बहुमत से जीत ही उनके अपमान, आपके अपमान का बदला होगा। सबका साथ-सबका विकास तभी मुमकिन है जब सबको आबादी के हिसाब से हक और सम्मान मिले। उन्होंने कहा कि झूठे सपने दिखाकर और झूठ बोलकर भाजपा सत्ता में आई। उनसे सावधान रहना है। मतदान के दिन भाजपा को सबक सिखाना है।