Breaking News

अब शुरू होगी अखिलेश यादव की साईकिल यात्रा, जानिये कौन दिखायेगा हरी झंडी

 cycle

लखनऊ,  समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष  अखिलेश यादव ने पिछले दिनों हर माह साइकिल यात्रा करने की घोषणा की थी। अब उनकी पहली साइकिल यात्रा का कार्यक्रम लगभग बन गया है। अखिलेश यादव कन्नौज की ठठियामण्डी से आगरा लखनऊ एक्सप्रेस-वे की हवाईपट्टी तक लगभग 50 किलोमीटर साइकिल यात्रा पर निकलेंगे।

           अखिलेश यादव की साइकिल यात्रा को खजांची परिवार हरी झण्डी दिखाएगा। नोटबंदी के दिनों में बैंक की लाइन में लगी महिला के प्रसव हो जाने पर तत्कालीन मुख्यमंत्री श्री यादव ने नवजात का नाम खजांची रखा था। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर, जहां सैनिक हवाई जहाज उतरे थे, वहीं एक्सप्रेस-वे पर जन्म लिए बच्चे का परिवार साइकिल यात्रा के समापन पर उपस्थित रहेगा।

          समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव राजेन्द्र चौधरी ने कहा है कि अखिलेश यादव साइकिल यात्रा के माध्यम से प्रदेश में सघन जनसम्पर्क करेंगे। वे गरीबो, नौजवानों, महिलाओं, व्यापारियों और अधिवक्ताओं तक समाजवादी पार्टी का संदेश पहुंचाएंगे और उनकी समस्याओं से अवगत होंगे। यह यात्रा जन जागरण की एक नई भूमिका में होगी। स्मरणीय है, वर्ष 2012 में श्री अखिलेश यादव ने साइकिल यात्राओं के जरिए ही प्रदेश में राजनीतिक परिवर्तन की हवा बहाई थी। प्रदेश में तब सत्ता परिवर्तन हो गया था।

          श्री राजेन्द्र चौधरी ने कहा कि भाजपा का सम्पर्क समर्थन अभियान केवल विशिष्ट लोगों से सम्पर्क तक सीमित रहा है। यह जनता की आंख में धूल झोंकने का काम है। वैसे भी भाजपा का गांव-गरीब और जनसाधारण से कोई वास्ता नहीं रहता है। उनके लिए तो कारपोरेट दुनिया ही सब कुछ है। भाजपा वह पार्टी है जो अपने वादों के प्रति ईमानदार नहीं रहती है। प्रधानमंत्री जी ने गंगा मां का बहुत नाम जपा था। आज तक वाराणसी में गंगा निर्मल नहीं हो पाई।

          भाजपा सरकार द्वारा किसानों की कर्जमाफी का वादा धोखा साबित हुआ। कर्ज और प्रकृति की मार से परेशान किसान आत्महत्या कर रहा है। किसानों की आमदनी बढ़ाने के लिए मंडियों की व्यवस्था समाजवादी सरकार ने की थी, उस काम को भी रोक दिया गया है। युवा कुंठित है उनको दो करोड़ नौकरी देने का वादा किया गया था। भाजपा की केन्द्र और राज्य सरकार ने नौजवानों के सपनों को तोड़ा है। नौजवान दर-दर की ठोकरें खा रहा है। उसका भविष्य अंधकार में है। महिलाएं असुरक्षित हैं। बच्चियों से दुष्कर्म की घटनाएं बढ़ी हैं। जनता मंहगाई से त्राहि-त्राहि कर रही है। लोग परेशान हैं।

          प्रदेश में कानून-व्यवस्था का भारी संकट है। अपराधी भयमुक्त हैं और कानून का पालन करने वाला भयभीत है। हर तरफ अराजकता का माहौल है। बिजली संकट से लोग परेशान हैं। भाजपा ने जनहित के सभी काम रोक दिए हैं। भाजपा से लोकतंत्र को भारी खतरा है। भाजपा शासन में सामाजिक सद्भाव साम्प्रदायिकता की राजनीति का शिकार है। समाज में नफरत फैलाने की राजनीति भाजपा की देन है। समाज में तनाव व्याप्त है और इससे सौहार्द तथा सहयोग की भावना को आघात लगा हैं।

           अखिलेश यादव की साइकिल यात्रा में इन समस्याओं पर चर्चा होगी और जनता से सीधा संवाद होगा। भाजपा ने प्रदेश की जो दुर्दशा की है, उससे निस्तारण सन् 2019 के चुनाव में स्वयं जनता करेगी। साइकिल यात्रा के अभियान से लोकतंत्र सामाजिक सद्भाव और समानता की ताकतों को बल मिलेगा।