Breaking News

अब अखिलेश यादव की टीम ने डाला प्रवासी मजदूरों के बीच डेरा

लखनऊ, समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की टीम से जुड़े लोग दूसरे शहरों से लौटे प्रवासी मजदूरों के बीच जाकर उनकी समस्याएं जानकर मदद पहुंचा रहें है।

लॉकडाउन के कारण अलग-अलग राज्यों में प्रवासी मजदूरों का उत्तर प्रदेश आना जारी है। हर रोज ट्रेनें व बसें मजदूरों को लेकर उत्तर प्रदेश आ रही हैं। और फिर ये प्रवासी मजदूर यूपी मे अपने गृह जनपद रवाना हो रहें है।

इससे पूर्व अखिलेश यादव की टीम पैदल या किसी अन्य साधन से भूखे प्यासे अपने घर गांव जा रहे मजदूरों को भोजन व पानी रास्ते मे ही देकर उनका हौसला बढ़ा रही थी। पूर्व सांसद व अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल यादव ने कई दिन तक लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे पर प्रवासी श्रमिकों को भोजन-पानी के पैकेट वितरित किए। डिंपल अपने बच्चों के साथ एक्सप्रेस-वे पर पहुंची और श्रमिकों को ले जा रहे वाहनों को रुकवाकर खाद्य सामग्री बांटी। उनकी बेटी ने भी प्रवासियों की मदद में हाथ बंटाया। उनके साथ कुछ कार्यकर्ता थे जो रोडवेज व निजी वाहन रुकते ही खाद्य सामग्री वितरित कर रहे थे।

अब अखिलेश यादव की टीम से जुड़े लोगों ने अलग-अलग जिलों मे मजदूरों के बीच डेरा दाल दिया है। एक टीम ने अखिलेश यादव के संसदीय क्षेत्र आजमगढ़ में डेरा डाल दिया हैं। कोरोना काल में उनकी टीम दूसरे शहरों से लौटे प्रवासी मजदूरों के बीच जाकर उनकी समस्याएं जानकर मदद पहुंचा रही है।

यह कवायद अखिलेश यादव के निर्देश पर चल रही है। हर जिले में पार्टी कार्यकर्ताओं को जनता के बीच जाकर राहत कार्यों का संचालन करने को कहा गया है, ताकि जनता को लगे कि संकट की घड़ी में समाजवादी पार्टी उनके साथ खड़ी है। सपा के कोरोना काल में एक्शन मोड में आने को आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों से भी जोड़कर देखा जा रहा है।

सपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता आईपी सिंह ने पार्टी मुखिया अखिलेश यादव के संसदीय क्षेत्र आजमगढ़ में जाकर प्रवासी मजदूरों के साथ समय बिताया। इस मौके पर आजमगढ़ के जिलाध्यक्ष हवलदार यादव, गुलाब सिंह यादव, विजय यादव आदि प्रमुख नेताओं के साथ उन्होंने सदर विधानसभा क्षेत्र के उकरौडा गांव में प्रवासी मजदूरों को चप्पल, साबुन, टूथपेस्ट आदि जरूरी सामग्री वितरित की।

सपा नेता आई पी सिंह ने कहा कि इस दौरान सोशल डिस्टेंसिंग का पूरा ध्यान रखा गया। यह कार्य आजमगढ़ समेत पूरे प्रदेश में निरंतर जारी रहेगा। राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पार्टी कार्यकर्ताओं को जरूरतमंदों की हर संभव सहायता का निर्देश दिया है।