Breaking News

बरेली में राम बारात पर पथराव के बाद, तनाव, दो घायल, सुरक्षाबल तैनात

बरेली, उत्तर प्रदेश के बरेली के मठ की चौकी क्षेत्र में बुधवार को अराजक तत्वों ने राम बारात पर पथराव किया। इससे भगदड़ मच गयी और स्थिति संभालने के लिये पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। दो लोग घायल हो गयें हैं। शहर में इस घटना के बाद तनाव है। कई क्षेत्रों में बड़ी तादाद में सुरक्षाबल तैनात किये गये हैं।

बरेली के पुलिस उप महानिरीक्षक आरके पाण्डेय ने बताया कि होलिका दहन से पहले परम्परागत तरीके से निकल रही राम बारात के दौरान साहू गोपीनाथ कॉलेज के निकट लाजपत मार्केट में मौजूद महिलाओं से कुछ अराजक तत्वों से छींटाकशी की। एक युवक ने किसी लड़की से छेड़छाड़ की और तभी राम बारात पर पथराव होने लगा।

उन्होंने बताया कि राम बारात पर पथराव होने के बाद दूसरे पक्ष ने जवाब में पथराव किया और एक समुदाय को गालियां दी। इसके बाद मौके पर भगदड़ मच गयी। हालात को नियंत्रण से बाहर जाते देख राम बारात की सुरक्षा के लिये मौजूद पुलिस ने लाठीचार्ज किया। इससे दो लोग चोटिल हुये।

पुलिस उप महानिरीक्षक आरके पाण्डेय के अनुसार लाठीचार्ज के बाद सुरक्षाबलों ने राम बारात को गंतव्य की ओर रवाना कर दिया। वहीं, साहू गोपीनाथ कॉलेज से लेकर बांसमंडीए मुर्गों वाली गली और मठ की चौकी क्षेत्र में बड़ी संख्या में पुलिस और अर्धसैनिक बल तैनात कर दिये गये हैं।