Breaking News

‘बिरहा सम्राट’ पद्मश्री हीरा लाल यादव के घर जाकर, सीएम योगी ने दी श्रद्धांजलि

वाराणसी,  उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज ‘बिरहा सम्राट’ पद्मश्री हीरा लाल यादव के घर जाकर उन्हें श्रद्धांजलि दी तथा उनके परिजनों के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट कीं।

श्री योगी ने चौका घाट इलाके में हुलुकगंज स्थित पद्मश्री श्री यादव के आवास पर उनकी तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया तथा उनकी आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।

मंगलवार की सुबह 9:10 बजे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ हीरा लाल यादव के आवास पर पहुंचे। वहां सीएम योगी ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर शोक व्यक्त किया। इस दौरान परिजनों को ढांढस बताते हुए सीएम योगी ने उनके दुख की घड़ी में साथ देने की बात कही।

उन्होंने दिवंगत लोक गायक के बेटे रामजी यादव एवं सत्यनाराण यादव समेत परिवार के अन्य सदस्यों के साथ कुछ समय बैठकर अपनी संवेदानाएं प्रकट कीं। मुख्यमंत्री ने शोकाकुल परिवार को हर संभव मदद का आश्वासन दिया है। हीरा लाल यादव के आवास पर मुख्यमंत्री करीब 15 मिनट तक रुके और 9.25 बजे वहां से रवाना हो गए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हीरा लाल यादव के निधन से अपूर्ण क्षति हुई है, जिसको कभी भी  पूरा नहीं किया जा सकता है। हीरा लाल यादव के जाने की कमी ना केवल समाज को बल्कि लोकगीत और कला क्षेत्र से जुड़े हर लोग को महसूस हो रही है। इस दौरान परिजनों ने  हीरा लाल यादव की प्रतिमा लगाने और मकबूल आलम रोड का नाम बदलकर हीरा लाल यादव मार्ग करने की मांग की।

इस पर मुख्यमंत्री ने हीरा लाल यादव के प्रतिमा लगाने और मकबूल आलम रोड का नाम हीरा लाल यादव मार्ग र खने का आश्वासन दिया।