Breaking News

यूपी में तेंदुए के हमले से बालक की मृत्यु,सात घायल

बहराइच, उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में आज अलग-अलग स्थानों पर तेंदुओं ने हमला कर दिया ,जिसमें एक बालक की मृत्यु हो गई जबकि उपनिरीक्षक,वन दरोगा समेत सात लोग घायल हो गये।

पुलिस सूत्रों ने यहां यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जिले के नानपारा रेंज के डल्लापुरवा गांव में छह बच्चे शाम के समय एक साथ खेल रहे थे,जिसमें पांच बच्चे मचान पर बैठे थे और एक बच्चा मचान के नीचे था। इसी दौरान जंगल से निकले तेंदुए ने मोतीलाल के तीन साल पुत्र विकल्प को जबड़े में दबा लिया। उसी समय खेत में मौजूद विकल्प की बहन ने शोर मचाया और तेंदुए को खदेड़ा। इस पर तेंदुआ 50 मीटर की दूरी पर विकल्प को छोड़कर चला गया, लेकिन तब तक मासूम की मृत्यु हो चुकी थी।

उन्होंने सूचना पाकर वन क्षेत्राधिकारी राशिद जमील मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। बाद में डीएफओ मनीष सिंह ने वनकर्मियों के साथ मौके का मुआयना किया और विभाग की और 10 हजार रुपये परिवारीजनों को आर्थिक सहायता के रूप में दिये। उन्होंने परिजनों को भरोसा दिया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आपदा राहत कोष से पांच लाख रुपये मुआवजा दिया जाएगा।

पुलिस के अनुसार इसके अलावा कोतवाली मुर्तिहा इलाके में कतर्निया के साथ लखीमपुर खीरी के धौरहरा रेंज के जंगल से सटे प्रतापपुर गांव में तेंदुए पहुंच गया था। तेंदुए को पकड़ने के लिए जंगल क्षेत्र के निकट जाल लगाया गया है। गुरुवार सुबह सात बजे अचानक गांव में तेंदुए पहुंच गया। तेंदुए ने ग्राम पंचायत मजरा दुर्गागौढ़ी व पटहा गौढ़ी में जमकर उत्पात मचाया। तेंदुए ने हैंडपंप पर पानी भर रहे बालक शेखर पर हमला कर दिया। शोर मचाने पर तेंदुआ दूसरी तरफ जाने लगा और चार लोगों पर हमला कर घायल कर दिया।

उन्होंने बताया कि गांव से गश्त कर लौट रहे मुर्तिहा कोतवाली के उपनिरीक्षक राजकुमार रावत पर तेंदुए ने हमला कर दिया। सूचना पाकर मुर्तिहा और मोतीपुर पुलिस के साथ कतर्निघाट वन्यजीव प्रभाग व लखीमपुरी खीरी के धौरहरा रेंज के वनकर्मी मौके पर पहुंच गए। तेंदुए को पकड़ने के लिए वनकर्मियों ने जाल लगाना शुरू किया। इसी दौरान तेंदुए ने धौरहरा रेंज के वन दरोगा बृजेश शुक्ला और वन रक्षक पर हमला कर दिया। तेंदुए के हमले से ग्रामीणों के साथ वनकर्मियों व पुलिसकर्मियों में दहशत है। तेंदुए को पकड़ने के लिए वन विभाग ने जाल लगा रखा है, लेकिन अभी तक तेंदुआ पकड़ा नहीं जा सका है।

इस बीच प्रतापपुर गांव में पहुंचे तेंदुए के हमले में चार ग्रामीण घायल हुए हैं। इसकी सूचना पाकर डब्ल्यूडब्ल्यूएफ के वरिष्ठ परियोजनाधिकारी दबीर हसन मौके पर पहुंचे। उन्होंने घायल ग्रामीणों को 10-10 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी।