Breaking News

कांग्रेस ने उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी की, राजबब्बर, संजय सिंह को मिला टिकट

नई दिल्ली, लोकसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने 21 उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी कर दी है, जिसमें 16 नाम उत्तर प्रदेश से और 5 महाराष्ट्र से हैं।कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में उम्मीदवारों के नाम पर अंतिम मुहर लगाई गई।

पार्टी ने उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद से प्रदेश अध्यक्ष राज बब्बर को मैदान में उतारा है. वहीं हाई प्रोफाइल मानी जाने वाली सुल्तानपुर सीट से संजय सिंह को टिकट मिला है. पूर्व कैबिनेट मंत्री श्रीप्रकाश जायसवाल को कानपुर से उतारा गया है। वहीं 2014 का चुनाव बीजेपी के टिकट पर लड़ने वालीं सांसद सावित्री फुले को कांग्रेस ने बहराइच से टिकट दिया है।

वहीं पूर्व गृह मंत्री सुशील कुमार शिंदे को महाराष्ट्र के सोलापुर और प्रिया दत्त को मुंबई-नॉर्थ सेंट्रल से पार्टी ने मैदान में उतारा है. बीजेपी छोड़कर कांग्रेस में शामिल होने वाले नाना पटोले को नागपुर से टिकट मिला है, वह केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के खिलाफ चुनाव लड़ सकते हैं. वहीं मिलिंद देवड़ा को मुंबई दक्षिण से टिकट दिया गया है।

 इससे पहले कांग्रेस ने 15 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की थी। इसमें यूपी के 11 और गुजरात के 4 नाम शामिल थे। रायबरेली से इस बार जहां एक बार फिर पार्टी की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी लड़ेंगी तो वहीं अमेठी से पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी मैदान में उतरेंगे। इसके अलावा निर्मल खत्री, आर पी एन सिंह, सलमान खुर्शीद, इमरान मसूद, अनु टंडन, जितिन प्रसाद के नाम भी पहली सूची में शामिल थे। इस तरह से पार्टी उत्तर प्रदेश में अब तक 27 उम्मीदवारों की घोषणा कर चुकी है।