Breaking News

बस हादसे में हुई कई यात्रियों की मौत….

हैदराबाद,  तेलंगाना के जगतियाल जिले में मंगलवार को तेलंगाना राज्य सड़क परिवहन निगम की एक बस के घाटी में गिरने से कम से कम 34 यात्रियों की मौत हो गयी और कई अन्य घायल हो गये। मृतकों में अधिकांश महिलाएं हैं।

पुलिस ने बताया कि हैदराबाद से करीब 200 किलोमीटर दूर शानिवार पेट गांव के नजदीक घाट रोड पर बस फिसल कर घाटी में गिर गयी। बस में करीब 50 लोग सवार थे। पुलिस ने बताया कि मृतकों में अधिकांश महिलाएं हैं। उन्होंने बताया कि घायलों को जगतियाल और पड़ोस के करीमनगर जिले के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

आईजीपी  वाई नागी रेड्डी ने  बताया, ‘‘अब तक 34 लोगों की मौत हुई है। मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है। बस कोंडागट्टू से जगतियाल की ओर जा रही थी। तेलंगाना के कार्यवाहक मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव ने दुर्घटना पर दुख व्यक्त किया और सभी मृतकों के परिवार वाले को पांच-पांच लाख रूपये बतौर आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।

मुख्यमंत्री कार्यालय से जारी बयान में कहा गया है कि उन्होंने अधिकारियों से घायलों को तत्काल चिकित्सा सुविधा मुहैया कराने का आदेश दिया। राहत और बचाव कार्य का निरीक्षण करने वाले जगतियाल के जिला क्लेक्टर ए शरत ने फोन पर ‘पीटीआई भाषा’ को बताया कि हादसा पौने बारह बजे से 12 बजे के बीच हुआ। दुर्घटना में लोगों के मारे जाने पर दुख व्यक्त करते हुये तेलंगाना प्रदेश कांग्रेस समिति के अध्यक्ष एन उत्तम कुमार रेड्डी ने मृतकों के परिवार को 10-10 लाख रूपया मुआवजा देने की मांग की है।