Breaking News

गिर वन में शेर के मारक हमले की पहली घटना, मछुआरे का किया शिकार

भावनगर,  गुजरात के भावनगर जिले में समुद्र तट के निकटवर्ती एक जंगली इलाके में शेर ने एक मछुआरे का शिकार कर लिया। शेर उसे कल शाम ही उठा ले गया था और आज सुबह उसका शव मिला जिसके एक बड़े हिस्से को वह खा गया था।

सहायक वन संरक्षक वी ए राठौड ने बताया कि एशियाई शेरों के एकमात्र निवास गिर वन के बाहरी विस्तार यानी वृहद गिर क्षेत्र के महुवा रेंज के निकट गुजरडा गांव निवासी रामाभाई डी चूडासमा ;35 वर्षीय को कल शाम शेर उठा ले गया था।

वन विभाग के एक कर्मी ने उन्हें उस इलाके में नहीं जाने की ताकीद की थी और बताया था कि वहां शेर है। पर उन्होंने उसकी बात नहीं सुनी। रामभाई ने शराब भी पी रखी थी और उनके पास मछलियां भी थी। आज सुबह उनका शव गांव के बाहरी इलाके से मिला है। वह जगह समुद्र तट से मात्र लगभग आधा किमी दूर है।

 राठौड़ ने बताया कि वृहद गिर वन क्षेत्र में यह मानव पर शेर के मारक हमले की संभवत पहली घटना है। ज्ञातव्य है कि कुछ ही दिन पहले गिर वन के देवलिया सफारी पार्क में शेर ने वन विभाग के एक अस्थायी कर्मी को शिकार बना लिया था। पर वह स्थान यहां से बहुत दूर और मुख्य गिर वन क्षेत्र में आता है।