Breaking News

अंतर्राष्ट्रीय हवाई यातायात में ऐतिहासिक गिरावट आयी, यह महीना रहा विपत्ति भरा

जिनेवा, कोविड-19 महामारी का संक्रमण रोकने के लिए विभिन्न देशों द्वारा लागू प्रतिबंधों के कारण अप्रैल में हवाई यातायात में 94.3 फीसदी की ऐतिहासिक गिरावट दर्ज की गयी।

अंतर्राष्ट्रीय हवाई परिवहन संघ की आज जारी रिपोर्ट में कहा गया है कि इस साल अप्रैल में अंतर्राष्ट्रीय यात्री हवाई परिवहन में अप्रैल 2019 की तुलना में 98.4 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गयी जबकि घरेलू यात्री परिवहन में 86.9 प्रतिशत की गिरावट रही। अंतर्राष्ट्रीय और घरेलू उड़ानें मिलाकर वैश्विक हवाई परिवहन एक साल पहले की तुलना में 94.3 प्रतिशत घट गया।

मई में भी स्थिति कोई बहुत अच्छी नहीं है। आयटा का कहना है कि 21 अप्रैल को हवाई यातायात का न्यूनतम स्तर दर्ज किया गया था जिसमें 27 मई तक मात्र 30 फीसदी की वृद्धि हुई है। इस वृद्धि में घरेलू उड़ानों का योगदान ज्यादा है। संगठन ने 1990 से आँकड़े रखने शुरू किये हैं और तब से अब तक इतनी बड़ी गिरावट कभी नहीं देखी गयी।

आयटा के महानिदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकार एलेक्जेंडर डी जुनाइक ने रिपोर्ट पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुये कहा “विमानन क्षेत्र के लिए अप्रैल का महीना विपत्ति से भरा रहा। हवाई यात्राएँ लगभग थम सी गयीं। लेकिन यह संकट का चरम भी हो सकता है। उड़ानों की संख्या अब बढ़ रही है। कई देश प्रतिबंधों में ढील दे रहे हैं। चीन, जर्मनी और अमेरिका जैसे महत्त्वपूर्ण बाजारों में कारोबारी विश्वास बढ़ रहा है।”

आयटा भारत के घरेलू यात्री परिवहन के आँकड़े अलग से जारी करता है, लेकिन अप्रैल में देश में यात्री उड़ानों पर पूर्ण प्रतिबंध के कारण उसने इस बार भारत के आँकड़े नहीं दिये हैं। अप्रैल 2020 में देश में एक भी नियमित यात्री उड़ान का परिचालन नहीं हुआ था।