Breaking News

‘मी टू’ अभियान ने पकड़ी स्पीड, यौन उत्पीड़न को लेकर कई चर्चित नाम आये सामने

नयी दिल्ली, भारत में जारी ‘मी टू’ अभियान ने अब और स्पीड पकड़ ली है। यौन उत्पीड़न को लेकर, कई और महिलाओं ने अपने अनुभवों का सार्वजनिक तौर पर साझा किया। जिससे अब अभिनेता नाना पाटेकर, केंद्रीय मंत्री एम जे अकबर और अभिनेता आलोक नाथ के अलावा कई और बड़े व चर्चित नाम सामने आयें हैं।

कई और महिलाओं ने अपने अनुभवों का सार्वजनिक तौर पर साझा किया जबकि केंद्रीय मंत्री एम जे अकबर और अभिनेता आलोक नाथ के साथ नए नाम भी इसके निशाने पर आए। गायक कैलाश खेर, रघु दीक्षित, कमेंटेटर सुहेल सेठ और महिला कॉमिक स्टार अदिति मित्तल भी आज ‘मी टू’ की चपेट में आ गए, जिनपर यौन उत्पीड़न, बदसलूकी, गलत तरीके से छूने जैसे आरोप लगे हैं।

महिला एवं बाल विकास मंत्री मेनका गांधी ने कहा है कि किसी के भी खिलाफ यौन उत्पीड़न के आरोपों को गंभीरता से लिया जाना चाहिए क्योंकि आमतौर पर महिलाएं इस बारे में बोलने से डरती हैं। मेनका गांधी ने एक समाचार चैनल को कहा, ‘‘ ताकतवर पदों पर बैठे पुरूष अक्सर ऐसा करते हैं। यह बात मीडिया, राजनीति और यहां तक कि कंपनियों में वरिष्ठ अधिकारियों पर भी लागू होती है।’’

कांग्रेस भी इस चर्चा में शामिल हो गई। उसने मांग की कि केंद्रीय मंत्री एम जे अकबर यौन उत्पीड़न के आरोपों पर संतोषजनक स्पष्टीकरण दें या तत्काल इस्तीफा दें।मोदी सरकार अब भी इसपर खामोशी बनाए है। कानून मंत्री रवि शंकर प्रसाद से आज संवाददाता सम्मेलन में जब इसपर सवाल किया गया तो उन्होंने इसपर कोई टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।