Breaking News

मिसेज ग्लोबल इंटरनेशनल 2018 चुनी गईं देवरिया की तेजस्विनी सिंह

देवरिया, तेजस्विनी सिंह ने दक्षिण अफ्रीका के जोहान्सबर्ग में भारतीय खूबसूरती का डंका बजा दिया.देवरिया जिले की तेजस्विनी सिंह जोहान्सबर्ग में मिसेज ग्लोबल इंटरनेशनल 2018 चुनी गई है। तेजस्वनी की उपलब्धी के बाद उसके पैतृक गांव खेमादेई में खुशी की लहर दौड़ गई। गांव वालों ने एक दूसरे को मिठाई खिलाकर जश्न मनाया। गांव वालों ने कहना है कि तेजस्वनी सिंह की पैदाइश खेमादेई गांव में हुई लेकिन उनकी पढ़ाई-लिखाई लखनऊ में ही हुई है। तेजस्वनी लेखन और पत्रकारिता से जुड़ी है।

जनपद के लार के खेमादेई निवासी स्व. राम सिंह की बेटी तेजस्विनी सिंह ने यह खिताब हासिल कर जिले को राष्ट्रीय फलक पर ला खड़ा किया है। प्रतियोगिता के कंट्री कल्चर राउंड में तेजस्विनी के कपड़ों में राधा-कृष्ण का समागम एक साथ देखने को मिला। वहीं, भारतीय घाघरे में देश के हर राज्य की खास कला को पिरोया गया। शनिवार देर रात तक चले टैलेंट राउंड में तेजस्विनी ने भारतीय संस्कृति की संवाहक बन कथक व भरतनाट्यम नृत्य प्रस्तुत कर मलयेशिया व रूस की प्रतिभागियों को पीछे छोड़ते हुए विजेता का ताज अपने नाम किया। जैसे ही स्क्रीन पर भारत का नाम बतौर मुख्य विजेता लिया गया, जोहान्सबर्ग में इंडिया-इंडिया के नारे लगाने लगे। समापन पर उस मंच से भारत का राष्ट्रीय गीत भी बजाया गया।

मूल रूप से खेमादेई गांव की रहने वाली तेजस्विनी वर्तमान में लखनऊ में ऑर्गेनिक ग्रीन नाम से हर्बल निर्माता कंपनी भी चलाती हैं। दो बहनों एवं एक भाई में बीच की तेजस्विनी ने कानपुर से मॉस कम्युनिकेशन का कोर्स किया है। कुछ दिन पत्रकारिता करने के बाद वे सौंदर्य प्रतियोगिताओं में भाग लेने लगीं। उन्हें बचपन से इसका शौक है। लखनऊ में डिजाइनिंग व्यवसाय से जुड़े पति राजसिंह ने भी उन्हें प्रोत्साहित किया। वर्तमान में वह मैनेजमेंट छात्रों के लिए एक किताब भी लिखने की तैयारी कर रही हैं। उन्होंने बताया कि इस सफलता के पीछे उनकी सालों की कड़ी मेहनत व विषम परिस्थितियों में मां निर्मला सिंह की प्रेरणा ने संबल दिया।