Breaking News

यूरोप के लिए अलग सेना बनाने के सुझाव पर, अमेरिकी राष्ट्रपति की जबर्दस्त प्रतिक्रिया

वॉशिंगटन,  अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने यूरोप के लिए एक अलग सेना बनाने के फ्रांसीसी राष्ट्रपति एमैनुअल मैक्रों के सुझाव को ‘‘बहुत अपमानजनक’’ करार देते हुए कहा कि यूरोप को पहले उत्तरी अटलांटिक संधि संगठन (नाटो) पर होने वाले खर्च के अपने ‘‘वाजिब हिस्से’’ का भुगतान करना चाहिए।

पहले विश्व युद्ध के खत्म होने के 100 साल पूरे होने के मौके पर आयोजित एक कार्यक्रम में शिरकत के लिए फ्रांस की राजधानी पेरिस पहुंचने के कुछ ही देर बाद किए गए एक ट्वीट में ट्रंप ने मैक्रों को आड़े हाथ लिया।

 ट्रंप ने ट्वीट में कहा, ‘‘फ्रांस के राष्ट्रपति मैक्रों ने अभी सुझाव दिया है कि अमेरिका, चीन एवं रूस से अपनी रक्षा के लिए यूरोप को अपनी अलग सेना बनानी चाहिए। बहुत अपमानजनक। लेकिन शायद यूरोप को पहले नाटो, जिसे अमेरिका काफी सब्सिडी देता है, में अपने वाजिब हिस्से का भुगतान करना चाहिए।’’

इस हफ्ते की शुरुआत में मैक्रों ने एक ‘‘सच्ची यूरोपीय सेना’’ बनाने की बात कही थी जो रूस और चीन जैसे देशों से पैदा होने वाले खतरों से निपट सके। मैक्रों ने फ्रेंच रेडियो स्टेशन वन से कहा था, ‘‘हमें चीन, रूस और यहां तक कि अमेरिका के संदर्भ में अपनी रक्षा करनी है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘असल पीड़ित कौन है? यूरोप और इसकी सुरक्षा। मैं रूस, जिसका सम्मान करता हूं, के साथ एक वास्तविक सुरक्षा संवाद चाहता हूं…लेकिन हमें ऐसा यूरोप बनाना है जो अमेरिका पर निर्भर हुए बिना अपनी रक्षा कर सके।’’

पेरिस पहुंचने के तुरंत बाद ट्रंप की ओर से किए गए ट्वीट के कारण अमेरिका और फ्रांस के रिश्तों में तनाव पैदा हो सकता है। इस साल की शुरुआत में ट्रंप ने शासकीय रात्रिभोज में मैक्रों की मेजबानी की थी। ट्रंप की मौजूदा फ्रांस यात्रा के दौरान मैक्रों से उनकी द्विपक्षीय वार्ता भी होने वाली है।