Breaking News

यूपी की आम जनता डर और दहशत के साये में जीने को विवश है-अखिलेश यादव

लखनऊ,यूपी में अपराध की घटनाओं में लगातार बढ़ोतरी होने पर अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा सरकार कानून व्यवस्था बुरी तरह विफल है।

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था का राज नही हैं। आम जनता डर और दहशत के साये में जीने को विवश है। समाज का कोई वर्ग सुरक्षित नहीं है। सूबे में अपराध की घटनाओं में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। भाजपा सरकार कानून व्यवस्था बुरी तरह विफल है।

अखिलेश ने कहा कि उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्री नरेश उत्तम पटेल के विधायक निवास स्थित फ्लैट से चोरी यह साबित करता है कि अपराधियों के हौसले बढ़ गये हैं। शामली में यूपी 100 पुलिस वाहन से खींच कर भीड़ द्वारा हत्या किये जाने की घटना शर्मनाक और दुःखद है। हत्या, लूट, बलात्कार से प्रदेश में अराजकता व्याप्त है। जेल में अपराधियों की दबंगई चलती है। फिरौती और अवैध वसूली, अवैध खनन पर कोई लगाम नहीं। प्रदेश की बदहाल व्यवस्था को ठीक करने की जगह प्रदेश के मुख्यमंत्री जी सहित भाजपा सरकार अन्य राज्यों के दौरे पर है। प्रदेश सरकार का रवैया संवेदनहीन है।

यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश में विकास कार्य बंद हो गया है। भाजपा सरकार के शासन में उत्तर प्रदेश की साख लगातार गिरजी जा रही है। सूबे की प्रशासनिक व्यवस्था शिथिल है। समाजवादी सरकार में उत्तर प्रदेश को प्रगति और खुशहाली के पथ पर ले जाने के लिये अवस्थापना विकास के कई महत्वपूर्ण कार्य हुए थे। समाजवादी सरकार ने यूपी डायल 100 और 1090 वूमेन हेल्प लाइन से प्रदेश की कानून व्यवस्था को सुचारू रूप से चलाने की व्यवस्था की गयी थी। लेकिन भाजपा सरकार ने इसे भी बर्बाद कर दिया।

अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार जनता को गुमराह कर सत्ता में आयी थी। अच्छे दिनों का सपना दिखाने वाली भाजपा सरकार में प्रदेश की जनता को बुरे दिनों का परिचय हुआ है। अराजकता, अपराध और आतंक से त्रस्त प्रदेशवासी आगामी चुनाव में भाजपा को सबक सिखाने के लिये तैयार बैठे हैं।