Breaking News

अनुशासन और संयम का इम्तिहान लेगा पांचवा चरण

लखनऊ, उत्तर प्रदेश सरकार के लाकडाउन में ढील देने के फैसले के बीच राज्य में कोरोना संक्रमण की बढ़ती रफ्तार जिला प्रशासनों के लिये कड़ी चुनौती का सूचक है वहीं आम लोगों को अनुशासन में रहने और संयम बरतने की चेतावनी भी दे रही है।

लाकडाउन के पांचवां चरण वास्तव में सरकार के लिये एक प्रयोग की माफिक होगा जिसमें कोरोना संक्रमण की रफ्तार को परखा जायेगा वहीं इसी चरण में दफ्तर और व्यापारिक गतिविधियों में शरीक होने वालों के अनुशासन और संयम की अग्निपरीक्षा भी हो जायेगी।

पिछले 24 घंटों में कोरोना संक्रमण के 378 नये मामले सामने आये वहीं इसके मुकाबले स्वस्थ होने वालों की संख्या 192 रही। इस दौरान चार लोगों की मृत्यु के साथ इस बीमारी से अब तक मरने वालों की संख्या 217 हो गयी है। राज्य में अब तक कोरोना संक्रमित 8075 मरीजों की पहचान की जा चुकी है जिनमें स्वस्थ होने वालों की संख्या 4843 है। इस प्रकार राज्य के विभिन्न कोविड अस्पतालों में 3015 मरीजों का इलाज किया जा रहा है।

स्वास्थ्य विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार राज्य में अब तक दो लाख 89 हजार 892 कोविड-19 के नमूनों की जांच की जा चुकी है जिनमें दो लाख 79 हजार 569 मरीजों की रिपोर्ट निगेटिव आयी है जबकि 2248 की रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। इस बीच बाहरी राज्यों से लगातार प्रदेश में पहुंच रहे प्रवासियों के 69 हजार 410 नमूनों की जांच की गयी और इनमें 2165 कोरोना संक्रमित पाये गये है। स्वास्थ्य और पुलिस अधिकारी राज्य भर में 1111 हाट स्पाट में पैनी निगाह रखे हुये हैं ताकि संक्रमण के दायरे में लगाम कसी जा सके।

राज्य में कोरोना से सर्वाधिक प्रभावित आगरा ने संक्रमण में प्रभावी नियंत्रण पाया है। यहां अब तक मिले 882 मरीजों में 756 स्वस्थ हो चुके है वहीं 41 की मौत हो चुकी है। जिले में अब सिर्फ 85 मरीजों का इलाज किया जा रहा है वहीं दिल्ली से सटे नोएडा में संक्रमण की रफ्तार बढी है। यहां आज मिले 49 नये मामलों से कोविड-19 के सक्रिय मरीजों की तादाद बढ कर 171 हो गयी है। गाजियाबाद में भी 33 नये मामले प्रकाश में आने के बाद जिले के कोविड अस्पतालों में भर्ती मरीजों की संख्या 113 हो गयी है।

पूर्वी उत्तर प्रदेश के बस्ती में 129 मरीजों का इलाज किया जा रहा है जबकि अमेठी में 117 मरीज भर्ती है। पिछले 24 घंटे में आगरा,मेरठ,देवरिया और गोरखपुर में एक एक कोरोना संक्रमित की मौत हो गयी है।