Breaking News

हड़ताल को लेकर उत्तराखंड रोडवेज कर्मचारियों ने लिया बड़ा फैसला

नैनीताल, उत्तराखंड परिवहन निगम की 18 दिसंबर की मध्यरात्रि से होने वाली हड़ताल को लेकर उत्तराखंड रोडवेज कर्मचारियों ने  बड़ा फैसला लिया है।

उत्तराखंड परिवहन निगम की 18 दिसंबर की मध्यरात्रि से होने वाली हड़ताल फिलहाल टल गई है।

निगम के प्रबंध निदेशक और परिवहन निगम के कर्मचारियों के बीच हुए समझौते के बाद कर्मचारी यूनियन ने हड़ताल को 10 दिनों तक टालने का निर्णय लिया है।
कर्मचारी यूनियन के अध्यक्ष कमल पपनै और महासचिव अशोक चौधरी ने शुक्रवार की रात यूनीवार्ता को यह जानकारी दी है। श्री चौधरी ने बताया कि नवंबर और दिसंबर महीने के वेतन भुगतान और अन्य मांगों को लेकर परिवहन निगम के कर्मचारी असंतुष्ट थे। उत्तराखंड परिवहन कर्मचारी यूनियन ने 18 जनवरी की रात से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने का निर्णय लिया था। कुमाऊं मंडल के हल्द्वानी में शुक्रवार को यूनियन की ओर से धरना एवं प्रदर्शन भी आयोजित किया गया।
इस बीच उत्तराखंड रोडवेज कर्मचारी यूनियन की ओर से आज निगम के प्रबंध निदेशक के साथ वार्ता की गई।

श्री चौधरी ने बताया कि वार्ता में सहमति बनी कि नवंबर माह के वेतन का भुगतान जल्द कर दिया जाएगा। इसके लिए प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इसके अलावा 66 करोड़ रुपए की देनदारी के लिए सरकार से जल्द वार्ता की जाएगी।

श्री चौधरी ने बताया कि प्रबंध निदेशक से हुई सौहार्दपूर्ण वार्ता के बाद परिवहन निगम कर्मचारी यूनियन ने कल मध्य रात्रि से होने वाली अनिश्चितकालीन हड़ताल को फिलहाल 10 दिन के लिए स्थगित कर दिया है।