Breaking News

अखिलेश मंत्रिमंडल विस्तार मे चार नये मंत्री शामिल,छ: का प्रमोशन

up-cm-cabinet-oathलखनऊ, यूपी की अखिलेश सरकार के  मंत्रिमंडल का आठवां विस्तार आज हुआ। राज्यपाल राम नाइक ने राजभवन में नए मंत्रियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। गायत्री प्रजापति और जियाउद्दीन रिजवी को मंत्रिमंडल में जगह दी गई है। सीएम अखिलेश यादव की उपस्थिति में गायत्री प्रजापति, जियाउद्दीन रिजवी, रियाज अहमद, अभिषेक मिश्रा, नरेंद्र वर्मा, शंखलाल मांझी, मनोज कुमार पांडेय और शिवाकांत ओझा ने मंत्री पद की शपथ ली। यह अखिलेश मंत्रिमंडल का आठवां विस्तार था। मंत्रिमंडल विस्तार से एक दिन पहले रविवार देर शाम मुख्यमंत्री अखिलेश ने राज्यपाल राम नाईक से मुलाक़ात की थी।

शपथ लेने वाले कैबिनेट मंत्रियों में पूर्व खनन मंत्री रहे गायत्री प्रसाद प्रजापति सबसे चर्चित चेहरे हैं। उन्हें मंत्री पद वापस कराने की सपा प्रमुख मुलायम सिंह यादव ने कुछ दिन पहले ही घोषणा कर दी थी। इसी तरह बलिया के सिकंदरपुर से विधायक जियाउद्दी रिज़वी को पहले मंत्री बनाया जाना था लेकिन वह विदेश में होने के कारण शपथ नहीं ले सके थे। उन्हें भी कैबिनेट मंत्री बनाया गया है। रायबरेली के ऊंचाहार से मनोज कुमार पाण्डेय को भी कैबिनेट मंत्री का दर्जा दिया गया है। उन्हें भी मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने नाराजगी के चलते बर्खास्त कर दिया था। इसी तरह तकनीकी शिक्षा मंत्री रहे प्रतापगढ़ के रानीगंज से विधायक शिवाकांत ओझा की भी बतौर कैबिनेट मंत्री वापसी हुई है। उन्हें पहले प्रतापगढ़ जिले से शिकायतें मिलने के कारण पद से हटाया गया था।

जिन राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार का कद बढ़ाकर कैबिनेट मंत्री बनाया गया है, उनमें परिवहन मंत्री याशर शाह, मातृ शिशु एवं परिवार कल्याण राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार रविदास मेहरोत्रा और मत्स्य एवं सार्वजनिक उद्यम रियाज अहमद शामिल हैं। इसके अलावा समाज कल्याण, अनुसूचित एवं जनजाति कल्याण व सैनिक कल्याण राज्यमंत्री नरेंद्र वर्मा, व्यावसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास राज्यमंत्री अभिषेक मिश्र व चिकित्सा एवं स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्यमंत्री शंखलाल मांझी को भी प्रमोशन देते हुए कैबिनेट मंत्री बना दिया गया है।

मंत्रियों की संख्या ज्यादा होने पर मेंहदावल संतकबीरनगर से खाद्य एवं रसद राज्यमंत्री रहे लक्ष्मीकांत निषाद उर्फ पप्पू निषाद को बर्खास्त कर दिया गया है। राजभवन में हुए कार्यक्रम में राज्यपाल राम नाईक ने सभी मंत्रियों को शपथ दिलाई। इस दौरान मुख्यमंत्री अखिलेश यादव, सपा प्रमुख मुलायम सिंह यादव और सपा प्रदेश अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव मौजूद रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *