Breaking News

बीजेपी से पूछिये कि आपको हमने इतना जबरदस्त बहुमत दिया आपने हमें क्या दिया- राजबब्बर

Raj Babbarकानपुर, कांग्रेस के उत्तर प्रदेश अध्यक्ष राज बब्बर ने कहा कि प्रदेश की जनता को भाजपा सांसदों से पूछना चाहिये कि हमने आपको इतना जबरदस्त बहुमत दिया आपने हमारे लिये क्या किया। उन्होंने पूछा कि जिस उत्तर प्रदेश ने केंद्र की भाजपा सरकार को सबसे ज्यादा 73 सांसद दिये उस उत्तर प्रदेश का भाजपा ने क्या विकास किया। कानपुर के सांसद मुरली मनोहर जोशी को निशाना बनाते हुये बिना उनका नाम लिये राज बब्बर ने कहा कि वह कभी कभार ही कानपुर आते हैं, उन्हें कानपुर के विकास से क्या मतलब। कानपुर के सांसद को तो यह भी नहीं मालूम होगा कि वह किन किन संसदीय समितियों में हैं। कमोबेश यही हाल प्रदेश के अन्य भाजपा सांसदों का भी है।

उत्तर प्रदेश का विकास दिल्ली की तर्ज पर करने का दावा करते हुये कांग्रेस के उत्तर प्रदेश अध्यक्ष राज बब्बर ने कहा कि दिल्ली को पहले मुगलों ने बनाया और फिर अंग्रेजों ने उसे खड़ा किया लेकिन दिल्ली को सजाने संवारने का काम शीला दीक्षित ने किया इसी तरह वह उत्तर प्रदेश की मुख्यमंत्री बनने के बाद उत्तर प्रदेश का विकास करेंगी। उन्होंने कहा कि पिछले 27 सालों में समाजवादी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी और भारतीय जनता पार्टी के शासन में उत्तर प्रदेश लगातार पिछड़ता ही गया है। युवा मतदाताओं को कांग्रेस की तरफ खींचने के उददेश्य से राज बब्बर ने समाजवादी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी तथा भारतीय जनता पार्टी की पिछली सरकारों को कठघरे में खड़ा करते हुये कहा कि उत्तर प्रदेश के युवाओं ने 27 साल पहले की कांग्रेस सरकार का काम नहीं देखा होगा इस बार कांग्रेस पार्टी की सरकार बनायें और देखें कि विकास क्या होता है। कांग्रेस जाति, धर्म आधारित राजनीति नहीं करती बल्कि आम आदमी के सुख दुख को ध्यान में रख कर काम करती है इसीलिये हमारी पार्टी किसी जाति विशेष का ख्याल नहीं करती है बल्कि हर व्यक्ति के साथ समान व्यवहार करती है।

दिल्ली से चली कांग्रेस पार्टी की 27 साल युवा बदहाल यात्रा सोमवार रात सवा ग्यारह बजे कानपुर के घंटाघर पहुंची। निर्धारित समय से करीब चार घंटे देर से पहुंची कांग्रेस की इस यात्रा के घंटाघर पर मंच पर पहुंचते ही स्थानीय कांग्रेस नेताओं में मंच पर चढ़ने को लेकर धक्का मुक्की हो गयी जिस कारण शीला दीक्षित ने केवल एक मिनट में अपना भाषण खत्म कर दिया। कांग्रेस अध्यक्ष राज बब्बर ने समाजवादी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी तथा भारतीय जनता पार्टी तीनों पर जोरदार हमले किये। उन्होंने समाजवादी पार्टी के मुखिया मुलायम सिंह का नाम लिये बिना कहा कि वह कहते हैं कि हम प्रदेश में लूट रोकने में असमर्थ हैं और इसी तरह का हाल भाजपा का है।

 उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में सभी पार्टियां जाति आधारित राजनीति करती हैं लेकिन कांग्रेस हर उस आदमी, नौजवान, बेरोजगार, किसान और महिला के साथ है जिसको उसका हक नहीं मिला है। उन्होंने युवाओं का आह्वान करते हुये कहा कि आपने 27 साल पहले की कांग्रेस सरकार को नहीं देखा होगा। एक बार कांग्रेस की सरकार को भी मौका दीजिये फिर देखिये कैसे आपको आपका हक मिलता है और प्रदेश का विकास होता है। कांग्रेस के पास विकास का विजन है उसके पास सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी तथा शीला दीक्षित जैसे नेता हैं जो उत्तर प्रदेश को अच्छी तरह से जानते हैं। इसलिये शीला दीक्षित उसी तरह से उत्तर प्रदेश को संवारेंगी जिस तरह से उन्होंने दिल्ली को संवारा था। उत्तर प्रदेश में कांग्रेस की तरफ से मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित की गयी शीला दीक्षित ने कहा कि उत्तर प्रदेश देश का गौरव है लेकिन पिछले 27 सालों में समाजवादी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी और भारतीय जनता पार्टी की सरकारों में इस प्रदेश का गौरव खत्म कर दिया है और यह लगातार पिछड़ता जा रहा है। अगर यहां की जनता प्रदेश का विकास चाहती है तो उसे प्रदेश में कांग्रेस की सरकार लानी होगी। दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित ने कहा कि उत्तर प्रदेश में कांग्रेस को अच्छा समर्थन मिल रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस की टीम भी काफी मजबूत है और प्रदेश में कांग्रेस का ट्रैक रिकार्ड भी अच्छा रहा है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी चौथे नंबर पर पहुंच गयी है। उत्तर प्रदेश की जनता अब 27 साल बाद कांग्रेस की सरकार देखना चाहती है। इसीलिये समाज के सभी वर्गों के लोग कांग्रेस से जुड़ रहे हैं क्योंकि कांग्रेस जाति आधारित राजनीति नहीं करती है। शीला दीक्षित ने कहा कि दिल्ली में कांग्रेस सरकार ने जो विकास कार्य कराये हैं वह पूरे देश ने देखे हैं इस आधार पर कांग्रेस दावा करती है कि अगर प्रदेश में मौका मिला तो यहां भी दिल्ली की तरह विकास कार्य कराये जायेंगे। इसलिये एक बार 27 साल बाद फिर उत्तर प्रदेश में कांग्रेस सरकार लायें और फिर प्रदेश का कायापलट देखें। इससे पहले कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रियंका गांधी को लाओ के नारे भी लगाये। सभा को कांग्रेस नेता संजय सिंह, पूर्व कानपुर सांसद श्रीप्रकाश जायसवाल और राजाराम पाल ने भी संबोधित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *