Breaking News

देश मे कोरोना संक्रमित 24 लाख के पार, इतने लोगों की हुई मौतें ?

कोरोना मामले 24 लाख के पार, 17.43 लाख से अधिक स्वस्थ

नयी दिल्ली, देश में गुरुवार काे कोरोना वायरस (कोविड-19) संक्रमण के 57 हजार से अधिक मामले सामने आने से संक्रमितों की संख्या 24 लाख के पार पहुंच गयी तथा 970 और लोगों की मौत होने से मृतकाें की तादाद 48 हजार से अधिक हो गयी लेकिन राहत की बात यह है मरीजों के स्वस्थ होने की दर 71 फीसदी से ऊपर निकल गयी है।
विभिन्न राज्यों से मिली जानकारी के अनुसार आज देर रात तक 57,694 नये मामले सामने आने से संक्रमितों की संख्या 24,53,165 हो गयी तथा मृतकों की संख्या 48,108 हो गयी है। स्वस्थ होने वालों की दर में निरंतर हो रही वृद्धि के बावजूद संक्रमण के नये मामले बढ़ने से देश में इस दौरान सक्रिय मामलों में 7,622 की बढ़ोतरी हुई जिससे इनकी संख्या 6,61,244 हो गयी है।
राहत की बात यह है कि इस दौरान 50,248 लोगों के स्वस्थ होने से संक्रमण मुक्त हाेने वालों की संख्या भी 17,46,108 पर पहुंच गयी। इस प्रकार स्वस्थ होने वाले मरीजों की दर बढ़कर आज 71.17 फीसदी हो गयी जो बुधवार को 70.74 प्रतिशत थी जबकि मृत्यु दर घटकर 1.96 फीसदी रह गयी।
राज्यों से प्राप्त रिपोर्ट के मुताबिक महाराष्ट्र में सबसे अधिक 11,813 नये मामले, इसके बाद आंध्र प्रदेश में 9,996 मामले, कर्नाटक में 6706 मामले, तमिलनाडु में 5,835 मामले, उत्तर प्रदेश में 4,537 मामले , बिहार में 3,906 मामले, पश्चिम बंगाल में 2,997, असम में 2,796 मामले, ओडिशा में 1,981, केरल में 1,564 तथा राजधानी दिल्ली में 956 नये मामले सामने आये।
महामारी से सबसे गंभीर रूप से प्रभावित महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटों के दौरान 11,813 नये मामले सामने आने के बाद संक्रमितों की संख्या गुरुवार रात बढ़कर 5,60,126 हो गयी लेकिन राहत की बात यह है कि इस दौरान 9,115 मरीजों के स्वस्थ होने से संक्रमण से मुक्ति पाने वालों की संख्या भी 3,90,958 हो गयी। इस दौरान 413 और लोगों की इससे मौत होने से मृतकों की संख्या बढ़कर 19,063 हो गयी है। राज्य में मरीजों के स्वस्थ होने की दर आज आंशिक वृद्धि के साथ बढ़कर 69.79 फीसदी पहुंच गयी जो बुधवार को 69.63 प्रतिशत रही थी जबकि मरीजों की मृत्यु दर भी घटकर 3.40 प्रतिशत पर आ गई।
महाराष्ट्र में सक्रिय मामलों में 2200 से अधिक वृद्धि चिंता का सबब बनी हुई है। राज्य में कुल सक्रिय मामलों की संख्या आज 1,49,798 रही। बुधवार को यह तादाद 1,47,513 रही थी। यानी सक्रिय मामलों में 2,285 मरीजों की वृद्धि दर्ज की गयी।