Breaking News

राज्यपाल और मुख्यमंत्री की मोदी को उनके जन्मदिन पर बधाई

हरियाणा के राज्यपाल और मुख्यमंत्री की मोदी को उनके जन्मदिन पर बधाई

चंडीगढ़, हरियाणा के राज्यपाल सत्यदेव नारायण आर्य और मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को उनके 70वें जन्मदिन पर बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके दीर्घायु होने की कामना की है।

श्री आर्य ने कामना की कि श्री मोदी स्वस्थ एवं प्रसन्नचित रहें। उन्होंने अपने बधाई संदेश में कहा कि उन्हें पूर्ण विश्वास है कि श्री मोदी के कुशल नेतृत्व में देश सामाजिक समानता और समग्र विकास के महान उद्देश्यों को प्राप्त करने में सक्षम होगा और वैश्विक अर्थव्यवस्था में एक आर्थिक शक्ति के रूप में उभरेगा। उन्होंने कहा कि श्री मोदी ने जीवन मूल्यों और लोकतांत्रिक परम्परा में निष्ठा का आदर्श प्रस्तुत किया है। वह एक मजबूत, सुरक्षित और आत्मनिर्भर भारत के लिए पूरी निष्ठा और ईमानदारी से काम कर रहे हैं। पहले स्वच्छ भारत-स्वस्थ भारत कार्यक्रम चलाकर देश के प्रत्येक नागरिक को स्वच्छ व स्वस्थ रहने का संदेश दिया। कोरोनाकाल के दौरान उन्होंने लोकल को वोकल और ग्लोबल बनाने का जो मंत्र दिया है, उससे देश ने आत्मनिर्भरता की ओर कदम रखे हैं। उनके इस मंत्र से देश और सुदृढ़ होगा।

वहीं श्री खट्टर ने श्री मोदी को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके अच्छे स्वास्थय एवं दीर्घायु की कामना की है। उन्होंने कहा कि श्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने विश्व में एक नई पहचान बनाई है। श्री मोदी ने स्वहित से ऊपर उठकर समर्पित भाव से राष्ट्रहित को सर्वोपरि मानकर राजनीति की परिभाषा बदली है। ऐसे नेतृत्व पर हर किसी को नाज होना चाहिए।

उन्होंने कहा कि श्री मोदी के जन्मदिवस पर आज से देशभर में अनेक नए कार्यक्रमों की शुरुआत की गई है जो युवा पीढ़ी के लिए प्ररेणास्रोत होंगे।

राज्य सरकार के मंत्रियों, सांसदों और विधायकों, विधानसभा अध्यक्ष कंवरपाल गुर्जर और उपाध्यक्ष रणबीर सिंह गंगवा ने भी श्री मोदी को उनके जन्मदिवस पर बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुये उनके अच्छे स्वास्थय और दीर्घायु की कामना की है।