Breaking News

भाजपा सरकार की आंखों में खटक रहा है जेपी सेंटर : अखिलेश यादव

लखनऊ , समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि समाजवादी सरकार के समय हुये विकास कार्यो से चिढ़ी मौजूदा सरकार जानबूझ कर जेपी अंतर्राष्ट्रीय केन्द्र की उपेक्षा कर रही है।

श्री यादव ने लोकनायक जयप्रकाश नारायण की 118वीं जयंती के मौके पर बयान जारी कर कहा कि समाजवादी सरकार के समय हुए विकास कार्यों से भाजपा चिढ़ी हुई है वरना लोकनायक जेपी अंतर्राष्ट्रीय केन्द्र की उपेक्षा से क्या संकेत मिलता है। प्रदेश के भव्य स्थलों में से एक यह केन्द्र भाजपा सरकार की आंखो में खटक रहा है इसीलिए उसको बर्बाद किया जा रहा है। रख रखाव के अभाव में परिसर में झाड़ झंखाड़ उग आया है। पत्थर टूटने लगे हैं। संग्रहालय बंद पड़ा है। समाजवादी सरकार के समय जो थोड़ा काम रह गया था उसके लिए भाजपा सरकार बजट नहीं दे रही है। इससे जाहिर है कि भाजपा सरकार और इसके नेतृत्व की मानसिकता कितनी निम्न स्तरीय हैं वह प्रदेश को विकास के नहीं, विनाश के रास्ते पर ले जाना चाहती है।

उन्होने कहा कि चूंकि भाजपा नेतृत्व का स्वतंत्रता आंदोलन में कोई योगदान नहीं था। इसलिए उन्हें जेपी सेंटर की महत्त्व और आवश्यकता का क्या अंदाजा हो सकता है। यह सेंटर लोकतंत्र की प्राण प्रतिष्ठा का मंदिर होता जहां भारत के गौरवशाली अतीत के साथ समाजवादी विचारधारा का भी इतिहास अंकित किया गया है। उच्चस्तरीय विमर्श और शोध के लिए यह केन्द्र अत्यंत उपयोगी है। भाजपा ने अपनी कृतघ्नता में इसे खण्डहर बना दिया है और अब उसकी मंशा औनेपौने दाम में बेंचकर लोकतंत्र रक्षक सेनानी की निशानी भी मिटा देने की है।

सपा अध्यक्ष ने कहा कि सत्ता को संविधान की परिधि में अपने कर्तव्यों का निर्वहन करना चाहिए। संविधान किसी को भी मनमानी और स्वेच्छाचारी आचरण की अनुमति नहीं देता है। सत्ता द्वारा जनता का अपमान करने अथवा विपक्ष के प्रति रागद्वेष की भावना से लोकतंत्र आहत होता है। सत्ता के शीर्ष पर बैठे लोग विपक्ष को अपमानित करेंगे तो लोकतंत्र का सम्मान कैसे बचेगा। डीएनए जैसे अप्रासंगिक आरोप लगने से विपक्ष कमजोर नहीं होगा।

श्री यादव ने कहा लोकनायक की यही लड़ाई थी सत्ता की मनमानी के विरूद्ध। लोकतंत्र सत्ता के लिए नहीं जनता के भले के लिए होता है। लोकराज चलाने के लिए लोकलाज का आचरण करना सीखना चाहिए। लोकनायक में तनिक भी सत्ता लिप्सा नहीं थी। वे जनतांत्रिक मान्यताओं के लिए समर्पित थे। उनके जीवन से हमें प्रेरणा लेनी चाहिए।

इस बीच लखनऊ समेत प्रदेश के सभी जिलों के पार्टी कार्यालयों में जयप्रकाश जयंती सादगी से मनाई गई। समाजवादी पार्टी के जिला मुख्यालयों पर श्री जयप्रकाश के चित्र पर पुष्पांजलि के साथ राजनीति में उनके योगदान पर चर्चा की गई।

जेपी इंटरनेशनल सेंटर में स्थापित जयप्रकाश की प्रतिमा पर पार्टी के श्री यादव की ओर से सचिव राजेन्द्र चौधरी तथा प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल ने माल्यार्पण किया। पार्टी के प्रदेश कार्यालय में भी जयप्रकाश के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनको नमन किया गया।