Breaking News

बर्फबारी के कारण श्रीनगर-लेह राष्ट्रीय राजमार्ग बंद

श्रीनगर,  केन्द्र शासित प्रदेश लद्दाख को कश्मीर घाटी से जोड़ने वाली एकमात्र सड़क श्रीनगर-लेह राष्ट्रीय राजमार्ग को पिछली रात से बर्फबारी होने के कारण सोमवार को फिर से बंद कर दिया गया है।

आधिकारिक सूत्रों ने ‘यूनीवार्ता’को बताया कि साइबेरिया के बाद विश्व का दूसरा सबसे ठंडा स्थान जोजिला दर्रा, मीनमार्ग, सोनमार्ग और द्रास में बर्फबारी हो रही थी। उन्होंने कहा कि बर्फबारी और सड़क पर फिसलन होने के कारण चार दिनों तक बंद रहने के बाद राजमार्ग को हाल ही में यातायात के लिए फिर से खोल दिया गया था। अगले 72 घंटों के दौरान राजमार्ग पर बारिश और बर्फबारी का पूर्वानुमान है। जिसके कारण यातायात के प्रभावित होगा।

उन्होंने कहा कि आज सुबह बर्फबारी के कारण राजमार्ग पर यातायात स्थगित कर दिया गया। द्रास, मीनमार्ग में कुछ इंच बर्फबारी हुई तथा जोजिला दर्रे पर करीब आठ इंच बर्फबारी दर्ज की गई। जिसके कारण सड़क पर बहुत फिसलन हो गई है तथा हिमस्खलन का भी खतरा है। बर्फबारी बंद होने के बाद बर्फ को हटाने के लिए अभियान चलाया जाएगा।

केन्द्र शासित प्रदेश लद्दाख और कश्मीर के अधिकारियों ने भारी बर्फबारी न होने पर दिसंबर अंत तक राजमार्ग को खुला रखने का फैसला किया है। हालांकि राजमार्ग के रखरखाव के लिए जिम्मेदार सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) ने पहले से ही मशीनों और लोगों को बर्फ निकासी अभियान के लिए नियुक्त किया हुआ है। भारी बर्फबारी के कारण सर्दियों के महीनों में यह राजमार्ग बंद रहता है। केंद्र सरकार ने हर मौसम में सड़क सुविधा जारी रहने के लिए जोजिला दर्रे पर एक सुरंग का निर्माण भी शुरू किया है।