Breaking News

यूपी में इस सीट पर उपचुनाव में तीन लाख 34 हजार मतदाता करेंगे मतदान

देवरिया, उत्तर प्रदेश के देवरिया सदर सीट पर हो रहे उपचुनाव में 184 मतदान केन्द्रों पर कुल तीन लाख 34 हजार 177 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग तीन नवम्बर को करेंगे।

उप जिला निर्वाचन अधिकारी राकेश पटेल ने बुधवार को यहां बताया कि 337- देवरिया सदर विधानसभा सीट के लिये 184 मतदान केन्द्र, 487 बूथ बनाये जाने के साथ तीन जोन व 20 सेक्टर में विभक्त कर मजिस्ट्रेटों की तैनाती की गयी है। 33 क्रिटिकल बूथ चिन्हित किये गये हैं। इस विधानसभा में एक लाख 53 हजार 88 महिला मतदाता हैं जबकि पुरूष मतदाताओं की संख्या एक लाख 81 हजार 77 है। इस सीट से 12 अन्य मतदाता हैं।

उन्होंने सभी राजनैतिक दलों के प्रत्याशियों से मतदाताओं, कार्यकर्ताओ को कोविड-19 के दिशा निर्देशो के पालन किये जाने, मास्क, सेनेटाइजर का प्रयोग तथा “दो गज की दूरी है जरुरी” को अपनाये जाने के लिये जागरुक करने के लिये कहा है। उन्होंने मतदान के दिन मतदाताओं को मास्क अनिवार्य रुप से पहन कर बूथों तक जाने के लिये प्रेरित करने का निर्देश दिया है।

श्री पटेल ने कहा कि मतदान आगामी तीन नवंबर को होगा। मतदान करने का समय प्रातः सात बजे से सायं छह बजे तक निर्धारित की गयी है। कोविड-19 के मद्देनजर 80 वर्ष से उपर, दिव्यांग एवं कोविड पाजिटिव मरीज जो आइसोलेशन में रह रहे हैं,उन्हें मत देने के लिये डाक मतपत्र की सुविधा उपलब्ध करायी जायेगी। प्रचार का कार्य मतदान दिवस से 48 घंटा पूर्व से ही प्रतिबंधित होगा।