लूट और भ्रष्टाचार करने वाले हमें उपदेश दे रहे हैं: मुख्यमंत्री योगी

गोरखपुर, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुये कहा कि लूट और भ्रष्टाचार करने वाले लोग आज हमें उपदेश दे रहे हैं।

खाद कारखाना से सटे चिलुआताल के किनारे हरिशंकरी,पीपल,पाकड़ और बरगद का पौधरोपण करने के बाद उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 के पूर्व प्रदेश में योजनाओं में लूट और भ्रष्टाचार का तांडव मचा हुआ था। सपा सरकार में 341 किलोमीटर लंबे और 110 मीटर चौड़े पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के लिए जो टेंडर निकाला गया था उसकी लागत 15200 करोड़ रुपये थी जबकि भाजपा की डबल इंजन सरकार ने इसकी चौड़ाई बढ़ाकर 120 मीटर की और दोबारा टेंडर निकाला तो लागत 11800 करोड़ रुपये आयी।

उन्होंने इस अंतर धनराशि को लूट करार देते हुए कहा कि यह रकम कहां जा रही थी। उन्होंने कहा कि लूट और भ्रष्टाचार करने वाले वही लोग आज हमें उपदेश दे रहे हैं। उन्होने कहा कि वे एक दिन में 37 करोड़ पौधरोपण के अभियान पर भी सवाल उठाते हैं जबकि इन प्रश्न करने वालों को जब अवसर मिला तो उन्होंने कुछ नहीं किया।
योजनाओं को लूटपाट और भ्रष्टाचार का केंद्र बनाया।

मुख्यमंत्री ने कहा “ हमारी सरकार ने वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट दिया,वन डिस्ट्रिक्ट वन क्रॉप दिया जबकि सपा कांग्रेस और बसपा की सरकारों ने वन डिस्ट्रिक्ट वन माफिया दिया। परिवारवाद के नाम पर समाज में जहर घोलने का काम किया। रामभक्तों पर गोलियां चलवाई।”

उन्होंने कहा कि पूर्व की सरकारों में वन माफिया जंगलों की अवैध कटान कराते थे। खनन माफिया अवैध खनन कराते थे और भू माफिया गरीबों की जमीनों पर कब्जा करते थे। प्रदेश में अराजकता का तांडव था। आज सरकार ने प्रदेश भर में जीरो टॉलरेंस नीति लागू कर माफिया को ठिकाने लगा दिया है। 2017 के पहले प्रदेश के युवाओं के सामने पहचान का संकट था। युवा बाहर अपनी पहचान नहीं बता पाता था। आज जब यूपी का युवा बाहर जाता है तो प्रदेश से जुड़ी उसकी पहचान जानते ही सामने वाले के चेहरे पर चमक आ जाती है।

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि पौधरोपण अभियान सिर्फ पौधरोपण करने का ही कार्य नहीं है बल्कि यह वर्तमान को संजोने और भविष्य को बचाने का अभियान है। अपनी इस बात को विस्तार से समझाते हुए उन्होंने कहा कि आज पूरी दुनिया जलवायु परिवर्तन के भीषण संकट से जूझ रही है। इसके कारण अनेक चुनौतियां सामने आ रही हैं। मुख्यमंत्री ने अमेरिका के टेक्सास में हाल ही में हुई एक घटना का भी उल्लेख किया जहां अचानक आई बाढ़ में सैकड़ों बच्चे लापता हो गए।

Related Articles

Back to top button