नयी दिल्ली, कोरोना महामारी से जूझ रहे देश में लॉकडाउन अवधि में देश की संस्कृति से परिचय कराने के लिए ‘वेबनार’ यानी डिजिटल सेमिनार आयोजित किया जा रहा है।
पर्यटन एवम् संस्कृति मंत्रालय ने ‘देखो अपना देश’ कार्यक्रम शुरू किया है जिसके तहत कोई भी व्यक्ति किसी शहर के बारे में घर बैठे जान सकता है। इस श्रृंखला में पहला वेब सेमिनार दिल्ली पर किया गया जिसे 5546 लोगों ने देखा और कुछ लोगों ने सवाल भी पूछे।
सिटीज ऑफ सिटीज दिल्ली पर्सनल डायरी नामक इस कार्यक्रम में दिल्ली का रोचक इतिहास पेश किया गया। कैसे इसमें आठ शहर बनते-उजड़ते गए।
केंद्रीय पर्यटन मंत्री प्रह्लाद सिंह पटेल ने इस वेब सेमिनार के बारे में कहा कि इससे घर बैठे लोग अपने देश की संस्कृति को देख सकते हैं और खानपान परिधान से लेकर संगीत, नृत्य और कलाओं से भी परिचित हो सकते हैं।
अगली बार 16 अप्रैल को कोलकाता पर यह वेब सेमिनार होगा।