Breaking News

अखिलेश यादव ने शुरु किया ग्रीन यूपी अभियान

Akhilesh-Yadav2उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने आज ग्रीन यूपी अभियान का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने हमीरपुर में एक कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुये कहा कि पर्यावरण असंतुलन को रोकने के लिए बड़ी संख्या में पौधों को लगाया जाएगा। उन्होने बताया कि इस अभियान के तहत 10 जिलों में पेड़ लगाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि पर्यावरण के साथ ही पानी को भी बचाना होगा। बुंदेलखंड में यदि सभी लोगों को पीने का पानी मिल जाए तो यह बहुत बड़ा काम होगा और इसके लिए सरकार हर सम्भव प्रयास करेगी।
मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने इस दौरान सरकार की ओर से चलायी जा रही कल्याणकारी योजनाओं के बारे में भी बताया। उन्होंने कहा कि बुंदेलखंड में बिजली की कमी दूर करने के लिए पॉवर प्लांट लगाने का काम पूरा हो गया है। आने वाले समय में बिजली का पर्याप्त इंतजाम हो जाएगा। अखिलेश यादव ने आगे कहा कि किसानों के लिए नई योजनाएं चलाई जाएंगी। उन्होने बताया कि सरकार ने जनता के हित में बहुत काम किया है। समाजवादी पेंशन योजना, समाजवादी एंबुलेंस योजना के अलावा और कई योजनाएं भी चलायी जा रही हैं, जिसका लाभ आम लोगों को मिल रहा है। बुंदेलखंड में हुई ओलावृष्टि का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इससे यहां के लोगों को काफी नुकसान हुआ है। इसकी भरपाई सरकार की तरफ से की जाएगी। उन्होंने कहा कि किसानों के हित के लिए मंडियों को और बेहतर किया जाएगा। ऐसा कोई जिला नही है जहां मंडी नहीं बनी हो। अधिकांश जिलों में मंडियों को बनाने का काम पूरा हो गया है। लैपटॉप योजना के बारे में उन्होंने कहा कि पहले लोग लैपटॉप बांटने का विरोध कर रहे थे, लेकिन अब बिहार के चुनाव में लोग चुनावी घोषणा पत्र में लैपटॉप देने का वादा कर रहे हैं। अन्य राज्यों की सरकारें समाजवादियों से सीख ले रही हैं। गौ मुद्दे को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि इस मुद्दे को जानबूझकर तूल दिया गया है। उत्तर प्रदेश का माहौल खराब करने का लगातार प्रयास किया जा रहा है।