Breaking News

अयोध्या का विवादित ढांचा पूर्व प्रधानमंत्री नरसिम्हा राव ने ही गिरवाया

अयोध्या,  लंबे समय से बीमार चल रहे बाबरी मस्जिद मामले के मुख्य मुद्दई हाशिम अंसारी गाहे-बगाहे नया विस्फोट करते रहते हैं। अयोध्या में आज उन्होंने नया बम फोड़ा। अंसारी अयोध्या के विवादित ढांचा विध्वंस के मामले में पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय पीवी नरसिम्हा राव को दोषी मानते हैं। उनका आरोप है कि विवादित ढांचा नरसिम्हा राव ने ही गिरवाया था। अयोध्या में विवादित ढांचा विध्वंस मामले पर हाशिम अंसारी ने कहा कि राम मंदिर विवाद पर सभी नेता रोटी सेंक रहे हैं। हमको को यहां पर अब मंदिर या मस्जिद के फैसले का इंतजार है। उन्होंने प्रश्न भी किया कि क्या अब कोर्ट हमारे मरने के बाद इस मामले में फैसला देगा। आज उन्होंने बड़ा आरोप लगाकर इस मामले को हवा दे दी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के दिवंगत नेता और पूर्व प्रधानमंत्री पीवी नरसिम्हा राव ने अयोध्या में विवादित स्थल पर मौजूद मस्जिद को तुड़वाया था। उन्हें पहले से इस मामले की जानकारी थी, फिर भी कोई कदम नहीं उठाए गए। उन्होंने कहा मामले में उनकी मुख्य भूमिका थी। इसके बाद भी वह विवादित ढांचा गिराने के मुकदमे में मुलजिम नहीं बने। वह सिर्फ इतने पर ही नहीं रुके, अंसारी ने कहा कि घटना के बाद नरसिम्हा राव ने मस्जिद को दोबारा बनवाने को कहा था, लेकिन उन्होंने देश के मुसलमानों के साथ धोखा किया और यहां पर मस्जिद नहीं बनवाई। हाशिम अंसारी ने भारतीय जनता पार्टी पर भी गंभीर आरोप लगाये। उन्होंने कहा कि भाजपा और कांग्रेस के लोग नेतागिरी के लिए देश के कानून से खेलते रहते हैं। सब नेता अयोध्या में राम जन्मभूमि और बाबरी मस्जिद के नाम पर सिर्फ नेतागीरी करते हैं। अगर कुछ कराना है तो इस विवाद का फैसला क्यों नहीं कराते हैं। आज हाशिम अंसारी बेहद नाराज दिखे। कड़कड़ती ठंड में उन्होंने कहा क्या हमारे मरने के बाद मंदिर-मस्जिद का फैसला होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com