Breaking News

उत्तर प्रदेश में ठिठुरन भरी सर्दी का लोगो पर हो रहा असर

लखनऊ,  उत्तराखण्ड के पर्वतीय इलाकों में हुई बर्फबारी का असर उत्तर प्रदेश में ठिठुरन भरी सर्दी के रूप में महसूस होने लगा है। बलिया में ठंड लगने से दो लोगों की मौत की खबर है। उत्तराखण्ड में हाल में हुए हिमपात के बाद उत्तर प्रदेश मैदानी इलाकों में गलन बढ़ गयी है। साथ ही रह-रहकर पछुआ हवा चलने से ठिठुरन भी बढ़ी है।

मौसम केन्द्र की रिपोर्ट के मुताबिक पिछले 24 घंटे के दौरान प्रदेश के अधिसंख्य मण्डलों में रात के तापमान में खासी गिरावट दर्ज की गयी है। इस अवधि में गोरखपुर, बरेली, फैजाबाद, लखनऊ तथा झांसी मण्डलों में दिन के तापमान में भी काफी गिरावट दर्ज की गयी। वहीं, वाराणसी तथा कानपुर मण्डलों में यह सामान्य से नीचे रहा।

लखनऊ, बरेली तथा मुरादाबाद में रात के तापमान में भी खासी गिरावट हुई। पिछले 24 घंटे के दौरान मुरादाबाद राज्य का सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान 5.3 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। अगले 24 घंटे के दौरान भी गलन भरी सर्दी पड़ने तथा कुछ स्थानों पर घना कोहरा गिरने का अनुमान है।