Breaking News

उप्र में महिलाओं की सुरक्षा होगा मुख्य चुनावी मुद्दाः अमित शाह

amitसोनभद्र,  भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने कहा कि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में महिलाओं की सुरक्षा का मामला मुख्य चुनावी मुद्दा बनेगा। उन्होंने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार देश की सभी महिलाओं को समानता का अधिकार दिलाने के लिए कटिवद्ध है। सोनभद्र में भाजपा की तीसरी परिवर्तन यात्रा के शुभारम्भ के अवसर पर अमित शाह ने कहा कि उच्चतम न्यायालय ने केंद्र सरकार से तीन तलाक के मामले में पूछा था तो प्रधानमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार धर्म और जाति के नाम पर महिलाओं के साथ अन्याय नहीं होने देगी। शाह ने कहा कि भाजपा उप्र विधानसभा के चुनाव महिलाओं की सुरक्षा और समानता को चुनावी मुद्दा बनायेगी। उन्होंने कहा कि चुनाव से पहले पार्टी के कार्यकर्ता पूरे राज्य में मातृशक्ति को जागृत करेंगे। भाजपा अध्यक्ष ने महिलाओं से भी अपील किया कि वे भी अपने अधिकार के लिए जागरुक हों और आगे आयें।

अमित शाह ने अपने संबोधन में कहा कि भाजपा की परिवर्तन यात्रा उप्र में सरकार का चेहरा मात्र बदलने के लिए नहीं निकल रही है, बल्कि पार्टी प्रदेश में जमीनी परिवर्तन लाना चाहती है। उन्होंने कहा कि भाजपा उप्र को उद्योग धंधों वाला प्रदेश बनाना चाहती है। दुनिया के लोग यहां निवेश करेंगे तो प्रदेश के युवकों को अपने घर में ही रोजगार मिलेगा। उन्होंने कहा कि उप्र के युवक रोजगार के लिए संघर्ष कर रहे हैं। दिल्ली, मुम्बई जैसे दूर दराज के शहरों में जाकर टैक्सी चला रहे हैं। ऐसे में यहां बड़े परिवर्तन की आवश्यकता है। सपा और बसपा पर प्रहार करते हुए भाजपा नेता ने कहा कि इन दोनों दलों की सरकारों ने पिछले 15 साल में उप्र का विकास अवरुद्ध कर दिया। बसपा सरकार में दो लाख करोड़ का घोटाला हुआ। सपा सरकार ने इन घोटालों की जांच नहीं कराई। कहा कि सपा के गुंडे गरीबों की जमीन कब्जा कर रहे हैं। केंद्र से भेजे गये पैसों का बंदरबांट हो रहा है।

अमित शाह ने कहा कि प्रदेश में भाजपा की सरकार बनते ही यहां न गुंडे बचेंगे और न ही भ्रष्टाचारी। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार पर कोई भ्रष्टाचार का आरोप नहीं लगा सकता। इस दौरान उन्होंने केंद्र की मोदी सरकार की उपलब्धियों को भी गिनाया। कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य ने प्रदेश से सपा बसपा को उखाड़ फेकने के लिए लोगों का आवाहन किया। केंद्रीय मंत्री मनोज सिंहा ने मोदी सरकार द्वारा किसानों के हित में शुरु की गयी योजनाओं के बारे में बताया। केंद्रीय मंत्री संतोष गंगवार, अनुप्रिया पटेल, डा. महेंद्र नाथ पांडेय के अलावा कई और नेताओं ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया। गौरतलब है कि विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा प्रदेश में चार परिवर्तन यात्राएं चला रही है। पहली यात्रा पांच नवम्बर को सहारनपुर से शुरु हुई है जबकि दूसरी झांसी से छह नवम्बर को प्रारम्भ हुई। आज सोनभद्र से तीसरी परिवर्तन यात्रा की शुरुआत हुई और चौथी यात्रा कल बलिया से प्रारम्भ होगी। यह परिवर्तन यात्रा प्रदेश की सभी 403 विधानसभा क्षेत्रों से होकर गुजरेगी। इसका समापन 24 दिसम्बर को राजधानी लखनऊ में होगा। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी प्रदेश में छह स्थानों पर परिवर्तन जनसभा करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *