Breaking News

उप मुख्यमंत्री ने कहा,बसपा का चरित्र देखकर लोगों ने उसे कई बार नकार दिया है

मथुरा, उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने बहुजन समाज पार्टी (बसपा) पर निशाना साधते हुए कहा कि उसके चरित्र को देखकर जनता उसे कई बार नकार दिया है।

श्री मौर्य ने आज यहां यह टिप्पणी पत्रकारों के सपा और बसपा के बढ़ रहे ब्राह्मण प्रेम पर पूछे गये सवाल पर कहा कि बसपा के अविश्वसनीय चरित्र के कारण ही जनता ने उसे 2012, 2014, 2017 में नकार दिया है। उन्होंने कहा कि हकीकत में बसपा ने जनता का भरोसा खो दिया है।

अपनी बात को और स्पष्ट करते हुए उन्होंने कहा कि ’’सब का साथ सब का विकास’’ से बढ़कर कोई शब्द नहीं है। चाहे ब्राह्मण हो या क्षत्रिय हाे, चाहे वैश्य हो चाहे पिछड़ा वर्ग हो, सभी सब का साथ और सबके विकास में आते हैं और यही रास्ता सबसे उत्तम है।

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी द्वारा ट्रैक्टर चलाकर संसद तक जाने पर मौर्य ने सीधे कोई प्रतिक्रिया तो व्यक्त नही की लेकिन इतना जरूर कहा कि ’’जब हम ट्रैक्टर चलाएं तब किसान माना जाएगा।’’ उनसे प्रदेश में होनेवाले दो उप चुनाव में विशेषकर अयोध्या के प्रत्याशी के बारे में जब पूछा गया तो उन्होंने कहा कि इसका निर्णय पार्टी करेगी।

बांके बिहारी मन्दिर वृन्दावन में दर्शन के बाद पत्रकारों से बातचीत में श्री मौर्य ने कहा कि उन्होंने बांकेबिहारी महराज से प्रार्थना की है कि जिस प्रकार 2017 के चुनाव में उन्होंने भाजपा को 325 सीटें दिलाई थीं 2022 के विधान सभा चुनाव में उससे अधिक सीटे दिलाकर प्रदेश में लम्बे समय तक भाजपा की सरकार चलाने का आशीर्वाद दें।

चुनाव में पार्टी के मुद्दों के सवाल पर उन्होंने कहा कि भाजपा के पास मुद्दे कई हैं लेकिन विपक्ष मुद्दों से भाग रहा है। श्री मौर्य ने इस बात का भी सीधा उत्तर नहीं दिया कि पार्टी किसके नेतृत्व में अगला विधान सभा चुनाव लड़ेगी और सिर्फ इतना कहा कि भारतीय जनता पार्टी में नेताओं की कमी नहीं है।

पूर्व में मथुरा जिले के भ्रमण के दौरान मौर्य नेे गुरूशरणानन्द महराज के काष्र्णि आश्रम रमणरेती में पार्टी पदाधिकारियों तथा लोक निर्माण विभाग, निर्माण निगम, सेतु निगम के अधिकारियों के साथ बैठक लेते हुए आवश्यक दिशा निर्देश दिये।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि मथुरा जिले की सभी सड़कों को गुढ्ढामुक्त किया जाये और विकास के कार्यों में तेजी के साथ गुणवत्ता एवं समय से पूर्ण कराना सुनिश्चित किया जाय। उन्होंने कहा कि निर्माणाधीन परियोजनाओं को शीघ्र पूरा कराना सुनिश्चित करें, जिससे जनपदवासियों के आवागमन में कोई परेशानी न हो।