Breaking News

कश्मीर घाटी के ऊपरी इलाकों में ताजा हिमपात, मैदानी इलाकों में बारिश

श्रीनगर, जम्मू-कश्मीर में गुरुवार को घाटी के ऊपरी इलाकों में ताजा हिमपात और मैदानी इलाकों में बारिश हुई, जिससे सामान्य गतिविधियां बाधित हुईं और एहतियात के तौर पर कई सड़कें बंद कर दी गईं। मौसम विज्ञान विभाग ने यह जानकारी दी।

उत्तरी कश्मीर में गुलमर्ग के स्की रिसॉर्ट में ताजा हिमपात हुआ, जिससे वहां रहने वाले पर्यटक काफी खुश हुए। दूधपथरी, सोनमर्ग, मुगल रोड, दक्षिण कश्मीर में पीर पंजाल पर्वत श्रृंखला, कुपवाड़ा और बांदीपोरा के ऊपरी इलाकों में भी आज ताजा हिमपात हुआ।

एक यातायात अधिकारी ने कहा कि दक्षिण कश्मीर के शोपियां जिले को जम्मू संभाग के पुंछ और राजौरी जिलों से जोड़ने वाली ऐतिहासिक मुगल रोड को ताजा बर्फ जमा होने के कारण एहतियात के तौर पर बंद कर दिया गया है।

फिलहाल, ताजा बर्फबारी के कारण लद्दाख में रणनीतिक श्रीनगर-सोनमर्ग-गुमरी सड़क संपर्क जोजिला दर्रा पर यातायात बंद कर दिया गया है। यातायात अधिकारियों ने कहा, “बर्फ हटाने का काम जारी है और हरी झंडी मिलने के बाद सड़क को वाहनों के आवागमन के लिए खोल दिया जाएगा।” जम्मू-कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर सहित कश्मीर घाटी के मैदानी इलाकों में आज भारी बारिश हुई, जिससे सामान्य गतिविधियां बाधित हो गईं। आज जम्मू-कश्मीर के मध्य और ऊंचाई वाले इलाकों में हल्के हिमपात और कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं।

मौसम विभाग ने बताया कि एक से 10 दिसंबर तक आमतौर पर बादल छाए रहने के आसार हैं। न्यूनतम तापमान में आज 3-5 डिग्री सेल्सियस का महत्वपूर्ण सुधार देखा गया और यह सुधार एक दिसंबर तक रहने और बाद में, तापमान में 2-4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने के अनुमान हैं। तीस नवंबर से एक दिसंबर की दोपहर तक पहाड़ी क्षेत्रों और जोजिला, सिंथन दर्रा, मुगल रोड जैसे महत्वपूर्ण मार्गों पर परिवहन चलाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है।

मौसम विभाग ने बताया कि श्रीनगर में पिछली रात के 0.8 डिग्री सेल्सियस के मुकाबले गुरुवार को न्यूनतम तापमान 5.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 6.2 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। एक दिन पहले दर्ज किए गए शून्य से 1.0 डिग्री सेल्सियस के मुकाबले पहलगाम का न्यूनतम तापमान 1.5 डिग्री सेल्सियस था, जो सामान्य से 4.9 डिग्री सेल्सियस अधिक था। श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग पर काजीगुंड में न्यूनतम तापमान पिछली रात के 0.8 डिग्री सेल्सियस के मुकाबले 5.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि कोकरनाग में पिछली रात के 2.6 डिग्री सेल्सियस के मुकाबले 3.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। कुपवाड़ा में न्यूनतम तापमान 4.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि एक दिन पहले यह 1.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जो सामान्य से 5.3 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। उत्तरी कश्मीर के गुलमर्ग में पिछली रात के शून्य से कम 1.8 डिग्री सेल्सियस के मुकाबले न्यूनतम तापमान शून्य से कम 1.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.1 डिग्री सेल्सियस अधिक है।