Breaking News

केंद्र में सरकार बनने से यूपी का भला नहीं होने वाला- अमित शाह ने स्वीकारा

amit Shahलखनऊ,  भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह का कहना है कि उत्तर प्रदेश के विकास के लिए यहां भाजपा की पूर्ण बहुमत की सरकार जरूरी है। उन्होंने कहा कि केंद्र में सरकार बनने से यूपी का भला नहीं होने वाला है। यूपी सरकार केंद्र सरकार के यूपी में विकास के काम में रोड़े डाल रही है। ऐसे में केंद्र यहां विकास कर सके, इसके लिए यूपी में भाजपा की सरकार बनाना होगा। भाजपा अध्यक्ष शाह शनिवार को काकोरी गये थे जहां वो भाजपा की तिरंगा यात्रा की शुरुआत करने आए थे।

काकोरी शहीद स्थल पर तिरंगा लहरा कर यात्रा की शुरुआत करने के बाद अमित शाह ने कहा कि काकोरी को पर्यटन स्थल बनाया जायेगा। इसके लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से बात करेंगे। राष्ट्रीय अध्यक्ष शाह ने सपा पर जोरदार हमला बोला तो बसपा को भी निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि सपा सरकार के कुशासन से मुक्ति के लिए भाजपा की सरकार बेहद जरूरी है। सपा-बसपा जाति विशेष का विकास करती है। उन्होंने कहा कि यूपी में कोई सुरक्षित नहीं है। घर से निकले आदमी के लिए मां, बीवी और बहन यही दुआ करती हैं कि शाम को वह सुरक्षित घर वापस आ जाये। बुलंदशहर और मथुरा कांड का जिक्र करते हुए उन्होंने प्रदेश की कानून व्यवस्था को कोसा। यूपी में विकास चाहिए तो यहां परिवर्तन जरूरी है। इस मुद्दे पर उन्होंने सबकी हामी भरवाई। शाह ने कहा कि देश की आजादी के लिए बलिदान करने वालों का सपना बिजली, रोजगार और हर खेत को पानी आजादी के 70 सालों में भी हासिल नहीं हो सका है। इस मौके पर राष्ट्रवाद की बात करते हुए अमित शाह सियासत पर खुलकर बोले। भाजपा के प्रदेश अध्यहक्ष केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि काकोरी भाजपा के लिए राष्ट्रीय तीर्थ स्थल है। कार्यक्रम में मोहनलालगंज से भाजपा सांसद कौशल किशोर के अलावा बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *