Breaking News

दलित मतदाताओं के साथ,भाजपा करेगी ‘समरसता भोज’ का आयोजन

नयी दिल्ली,  लोकसभा चुनावों से पहले दलित मतदाताओं के साथ मजबूत रिश्ता कायम करने के प्रयास के तहत भाजपा दिल्ली में छह संसदीय सीटों के 12 आरक्षित विधानसभा क्षेत्रों में ‘समरसता भोज’ का आयोजन कर रही है।

पार्टी की दिल्ली इकाई के अनुसूचित जाति मोर्चा ने पिछले महीने रामलीला मैदान में सफलतापूर्वक ‘भीम महासंगम’ का आयोजन किया था। मोर्चा के अध्यक्ष मोहनलाल गिहारा ने बताया कि इस बार उनका संगठन ‘समरसता भोज’ के माध्यम से 12 आरक्षित विधानसभा क्षेत्रों में दलित मतदाताओं तक पहुंच बनाने का प्रयास कर रहा है।

उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में त्रिलोकपुरी, कोंडली, सीमापुरी, गोकलपुर, अंबेडकर नगर और देवली सहित अन्य आरक्षित सीटों को कवर किया जाएगा और लोकसभा चुनावों में भाजपा के लिए वोट मांगा जाएगा। दिल्ली में लोकसभा की कुल सात सीट हैं।