Breaking News

पत्नी ने मंडप में दुल्हे का भांडा फोड़ा, हुई पिटाई

नैनीताल,  नैनीताल में आज एक हाई वोल्टेज ड्रामा हुआ। हिन्दी फिल्मों में फिल्माया जाने वाला यह एक रील सीन नहीं बल्कि रियल सीन था। एक पीएसी जवान की शादी में उस समय खलल पड़ गया जब खलनायक के रूप में मंडप में अचानक एक युवती टपक पड़ी। उसने भरे मंडप में दुल्हे का सेहरा हवा में उछाल दिया। चारों ओर अफरातफरी मच गयी। दुल्हे की पिटायी भी हुई। इसके बाद परिदृश्य में पुलिस को भी आना पड़ा। देर शाम तक मामला रफा.दफा हुआ।

यह कोई काल्पनिक कहानी नहीं है बल्कि सरोवर नगरी में हुई एक वास्तविक घटना है। मल्लीताल पुलिस उप निरीक्षक दीपक बिष्ट ने बताया कि माल रोड स्थित होटल में दुल्हा मयंक रौतेला की शादी का समारोह चल रहा था। चारों ओर खुशी का माहौल था। दोनों पक्ष एक.दूसरे को बधाई दे रहे थे। शगुन के कार्यक्रम चल रहे थे। तभी दोपहर एक बजे के बाद समारोह में अचानक मोड़ आ गया। 29 वर्षीय युवती गीता बीच में आ धमकी। उसने मंडप में यह कहते हुए तूफान खड़ा कर दिया कि दूल्हा मयंक पहले से शादीशुदा है और वह उसकी बीबी है।

उन्होंने कोर्ट मैरिज कर रखी है। वह पति पत्नी के तौर पर रूद्रपुर में रहते हैं। मयंक ने उससे पहले प्यार किया और उसके बाद उससे कुछ समय पहले कोर्ट मैरिज की। मयंक ने उसके लिये रूद्रपुर में एक घर भी खरीदा है। उसने कहा कि उसके पास दोनों की शादी के दस्तावेज मौजूद हैं। दोनों प्यार करते थे और उसके चक्कर में उसने अपने पहले पति को तलाक दिया है। उसके छह साल का एक बच्चा भी है। गीता ने यह भी कहा कि मयंक ने उससे झूठ बोला है। उसने कहा कि उसके भाई की शादी है। उसने भाई की शादी का कार्ड भी छपवाया और उसे दिखाया लेकिन उसने बताया कि उसे अनहोनी का अहसास हो गया था।

उसने कहा कि वह पिछले दो दिन से अपने पति को फोन कर रही थी लेकिन उसने मोबाइल पर उससे कोई बात नहीं की। इसके बाद आज उसने संबंधित होटल में फोन किया। इसके बाद उसे पता चला कि मयंक दूसरी शादी कर रहा है। उसके बाद गीता सीधे रूद्रपुर से नैनीताल शादी के मंडप में आ धमकी। उसने आते ही मडंप में बैठे दूल्हे का सेहरा हवा में उछाल दिया और मंडप में मौजूद सामान को इधर उधर फेंक दिया। इस घटना के बाद दूल्हा और दुल्हन पक्ष के लोग सकते में आ गये। दुल्हन पक्ष के लोगों में रोष फैल गया। किसी को कुछ भी नहीं सूझ रहा था। इसी दौरान दुल्हन पक्ष के लोगों ने पुलिस को भी बुला लिया। काफी देर तक मौके पर अफरातफरी का माहौल रहा। बाद में मामला उलझता देख पुलिस दुल्हे को उठाकर मल्लीताल कोतवाली ले जाने लगी।

इसी दौरान बाराती व दुल्हन पक्ष के लोग भड़क गये। उन्होंने दुल्हे की मंडप में ही पिटायी कर दी। दुल्हे आगे गया और लोग दुल्हे के पीछे भागते रहे। इस दौरान पुलिस ने दुल्हे को बीडी पांडे जिला अस्पताल में भर्ती करा दिया। देर शाम तक दोनों पक्ष के लोग मल्लीताल कोतवाली में जमे थे। दोनों समझौता वार्ता में लगे थे। इसी बीच यह भी चर्चा रही कि आरोपी दुल्हा इससे पहले भी एक शादी रचा चुका है। सीओ विजय थापा ने कहा कि दोनों ओर से समझौता वार्ता चल रही है। अभी तक मामला दर्ज नहीं किया गया है। पुलिस को तहरीर मिलेगी तो कार्यवाही की जाएगी। कोतवाली में जमे दुल्हन पक्ष के लोगों ने पुलिस को बताया कि दुल्हा पीएसी में हवलदार के पद पर तैनात है और वर्तमान में राजभवन नैनीताल में तैनात है।