पूर्वांचल के किसानों को साधने की कोशिश करेंगी प्रियंका गांधी 

देवरिया, पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के बलिदान दिवस के मौके पर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा 31 अक्टूबर को प्रतिज्ञा यात्रा के अहम पड़ाव गोरखपुर में पूर्वी उत्तर प्रदेश के अन्नदाताओं को साधने की कोशिश कर सकती है।

पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अजय लल्लू का दावा है कि गोरखपुर में प्रियंका गांधी की रैली ऐतिहासिक होगी। इस रैली में देवरिया, कुशीनगर, महराजगंज, गोरखपुर सहित बस्ती और संतकबीर नगर के लोग प्रियंका को सुनने आयेंगे। लोगों में इस रैली को लेकर उत्साह है।

पार्टी सूत्रों का कहना है कि प्रियंका की गोरखपुर रैली में किसानों को लाने की तैयारी की जा रही है। अपनी दादी के शहादत दिवस 31 अक्टूबर को श्रीमती वाड्रा पूर्वाचल के इस प्रमुख शहर से जोरदार गर्जना कर केन्द्र और प्रदेश की सरकार को घेरने की कोशिश करेंगी। लखीमपुर खीरी कांड के बाद से कांग्रेस ने किसानों को भी अपने पाले में करने की जोरदार तैयारी कर रही है।

उन्होने कहा कि रैली में आसपास के जिलों से बड़ी संख्या में किसानों को लाने की तैयारी की जा रही है। इसी कड़ी में देवरिया जिले से ही पांच हजार किसानों को ले जाने की तैयारी की जा रही है। उत्तर प्रदेश किसान कांग्रेस पूर्वी जोन के चेयरमैन सुयश मणि त्रिपाठी, प्रदेश सचिव संदेश यादव व किसान कांग्रेस जिलाध्यक्ष जय प्रकाश पाल धनगर ने बताया कि इसके लिए किसानों को जागरूक किया जा रहा है।

त्रिपाठी का आरोप है कि प्रदेश व केन्द्र की सरकारें साम्प्रदायिकता को बढ़ावा देकर जनता को गुमराह कर उनका वोट झटकती है। जनता महंगाई, अपराध, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी से कराह रही है। किसानों को अपना हक मांगने पर गाड़ियों से रौंदा जा रहा है। प्रदेश सरकार झूठे विज्ञापन के बल पर अपनी पीठ थपथपा रही है।

Related Articles

Back to top button