यूपी में छह लाख किसानों की फसल के नुकसान के लिये राहत राशि जारी

लखनऊ, उत्तर प्रदेश के छह लाख किसानों को राहत देते हुए योगी सरकार ने बाढ़ से उनकी फसल को हुये नुकसान की क्षतिपूर्ति के लिये 208 करोड रुपये की सहायता राशि जारी की है।

राज्य के अलीगढ़, मऊ और झांसी समेत 44 जिलों में बाढ़ और भारी बारिश से किसानों की फसल को हुये नुकसान के लिए सरकार ने यह राशि जारी की है। सरकार ने फसल के नुकसान के दायरे में आये छह लाख से अधिक चिन्हित किसानों को अविलंब सहायता राशि मुहैया कराने के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं।

गौरतलब है कि पिछले दिनों बाढ़ और भारी बारिश से राज्य के किसानों की फसलों को काफी नुकसान पहुंचा था। इसके बाद सरकार ने फसल नुकसान का आकलन कर किसानों के लिए राहत सहायता राशि जारी की है।

इस साल सितंबर और अक्टूबर की शुरुआत में हुई मूसलाधार बारिश एवं बाढ़ से करीब 44 जिलों के किसानों की फसल को काफी नुकसान हुआ था। इसकी क्षतिपूर्ति के लिये राज्य आपदा राहत कोष से जारी सहायता राशि जिला कोषागार के माध्यम से चिन्हित किसानों के बैंक खाते में भेजी जा रही है।

Related Articles

Back to top button