लखनऊ, लखनऊ मंडल ने प्रदेश स्तरीय समन्वय जूनियर बालक हैंडबॉल प्रतियोगिता के क्वार्टर फाइनल में दमदार खेल के सहारे सेमीफाइनल में स्थान सुरक्षित किया। दूसरी ओर गोरखपुर मंडल, आजमगढ़ मंडल व मेरठ मंडल भी अपने-अपने क्वार्टर फाइनल में जीत के साथ अंतिम चार में पहुंच गए।
उत्तर प्रदेश खेल निदेशालय व उत्तर प्रदेश हैंडबॉल एसोसिएशन के समन्वय से क्षेत्रीय खेल कार्यालय लखनऊ के तत्वावधान में केडी सिंह बाबू स्टेडियम में आयोजित प्रतियोगिता में लखनऊ मंडल ने अयोध्या मंडल को 26-18 से हराया। पहले क्वार्टर फाइनल में आजमगढ़ मंडल ने बस्ती मंडल को 20-17 से शिकस्त दी। आजमगढ़ की ओर से दिव्यांश ने अकेले 6 गोल जबकि मनीष व अभिषेक ने 4-4 गोल किए। बस्ती से गणेश ने सर्वाधिक 5 गोल किए।
दूसरे क्वार्टर फाइनल में गोरखपुर मंडल ने वाराणसी मंडल के खिलाफ 20-16 से जीत दर्ज की। गोरखपुर की जीत में मोस्ट वैल्यूबल प्लेयर मनीष ने 7 गोल किए। चौथे क्वार्टर फाइनल में मेरठ मंडल ने अमेठी हास्टल को रोमांचक मैच में 28-25 से शिकस्त दी। मेरठ की जीत में मोस्ट वैल्यूबल प्लेयर कुणाल ने आठ गोल दागे।
प्रतियोगिता के पहले सेमीफाइनल में मेरठ मंडल बनाम आजमगढ़ मंडल और दूसरे सेमीफाइनल में लखनऊ मंडल बनाम गोरखपुर मंडल के बीच टक्कर होगी।