Breaking News

सपा -2012 की हारी सीटों को जीतने के नये इरादे, मुस्लिम-पिछड़ों पर दांव

Akhilesh-yadavलखनऊ , पूरे हुये वादे, अब हैं नये इरादे   के नारे के साथ आगे बढ़ रही समाजवादी पार्टी ने २०१७ के विधान सभा चुनाव के लिये १४२ प्रत्याशियों की सूची जारी कर अपने इरादे जता दिये हैं। सपा ने मुस्लिम-पिछड़ों पर दांव लगाया है। समय से पहले जारी सूची से स्पष्ट है कि सपा के हौंसले बुलंद हैं क्योंकि उसने २०१२ के विधान सभा चुनाव मे हारी हुयी सीटों को जीतने का मन बना लिया है। समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता व प्रदेश सरकार में कद्दावर मंत्री शिवपाल सिंह यादव ने  लखनऊ में अचानक प्रेस कॉन्फ्रेंस करके १४२ पर प्रत्याशियों की सूची घोषित कर सियासी विरोधियों को चित करने की कोशिश की है।

समाजवादी पार्टी ने पहले 143 प्रत्याशियों की सूची जारी करने के कुछ देर बाद नई सूची जारी की। इसमें मुजफ्फरनगर से घोषित किए गए प्रत्याशी शहनवाज राणा का टिकट काट दिया गया। पार्टी नेता शिवपाल सिंह यादव ने घोषित किया कि इस सीट पर टिकट बाद में दिया जाएगा। इसी तरह सहारनपुर के रामपुर मनिहारिन सीट से विश्वदयाल छोटन को दिया गया टिकट काट कर उनके स्थान पर विमला राकेश को टिकट दिया गया। इस तरह अब १४२ प्रत्याशियों की सूची जारी हुयी है।

सपा ने ३० अल्प संख्यकों को टिकट दिया है। जिसमे 29 मुस्लिम और एक प्रत्याशी सिख है। इसके अलावा ३ दर्जन से अधिक पिछड़े वर्ग से हैं जिसमे 16 प्रत्याशी यादव हैं। इस बार नौ महिलाएं भी टिकट पा गईं हैं। जामा मस्जिद के शाही इमाम मौलाना अहमद बुखारी के दामाद उमर अली खान को सहारनपुर की बेहट सीट से दोबारा टिकट दिया गया है। रेवती रमण सिंह के बेटे व निगम के अध्यक्ष उज्ज्वल रमण सिंह इलाहाबाद की करछना से फिर चुनाव लडेंगे। पार्टी ने पूर्व मंत्री दिवंगत राजाराम पांडेय की सीट विश्वनाथ गंज से उनके बेटे संजय पांडेय को प्रत्याशी बनाया है। पार्टी के कद्दावर नेता रहे बालेश्वर यादव के बेटे विजेंद्र पाल सिंह को और पूर्व सांसद भालचन्द्र यादव के बेटे सुबोध को संतकबीर नगर से टिकट दिया है।  विधानसभा की लोक लेखा समिति के अध्यक्ष रहे व पेशे से चिकित्सक डॉ. पी के राय को कुशीनगर से टिकट दिया गया। सपा की यूथ बिग्रेड के कद्दावर नेता अतुल प्रधान को मेरठ से और क्रिकेटर ज्योति यादव को इलाहाबाद पश्चिम से दोबारा टिकट दिया गया है। गैर सपा विधायकों कमाल यूसुफ व अनीसुर्ररहमान को भी पार्टी ने  टिकट दिया है। ये दोनों पीस पार्टी से चुनाव जीते हैं। निर्दलीय विधायक विजय सिंह को भी टिकट दिया गया है।

समाजवादी पार्टी ने मिशन 2017 को कामयाब बनाने के लिए एक साल पहले ही एक तिहाई से ज्यादा प्रत्याशियों की घोषणा कर चुनावी बिगुल बजा दिया है। सत्ता में वापसी की जद्दोजहद में जुटी पार्टी ने विधानसभा की 403 में से 143 सीटों पर प्रत्याशियों के नाम तय कर दिए हैं। ये वे सीटें हैं जहां पर पार्टी पिछले विधानसभा चुनाव में हार गई थी। पार्टी का कहना है कि उसने टिकाऊ व जिताऊ प्रत्याशियों को टिकट दिया है और दावा किया है कि सपा ही अगली बार फिर सरकार बनाएगी।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *